Kanpur Lockdown में फंसे विश्वविद्यालय परीक्षा देने आए 16 छात्र, पश्चिम बंगाल के सांसद ने मांगी मदद
पश्चिम बंगाल के सांसद ने अकबरपुर सांसद से फोन पर वार्ता करके छात्रों की मदद करने को कहा है।
कानपुर, जेएनएन। पश्चिम बंगाल से विश्वविद्यालय की परीक्षा देने आए 16 छात्र लॉक डाउन के बाद शहर में फंस गए हैं। खाने-पीने की समस्या होने पर पश्चिम बंगाल के सांसद ने फोन पर अकबरपुर सांसद से वार्ता की। इसके बाद सांसद ने छात्रों को खाद्य सामग्री की व्यवस्था कराई है।
पश्चिम बंगाल से कानपुर के सिविल लाइंस स्थित डीएवी कॉलेज में परीक्षा देने के लिए 16 छात्र कुछ दिन पहले आए थे। यहां पर ग्वालटोली में किराये का कमरा लेकर रुके थे, अचानक परीक्षाएं स्थगित होने पर वह रुके रहे, उन्हें लगा कि परीक्षा होने के आदेश दोबारा हो सकते हैं। इस बीच कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पहले जनता कर्फ्यू और उसके दूसरे दिन लॉक डाउन के आदेश हो गए।
परिवहन साधन बंद हो जाने से छात्र वापस नहीं जा सके और यहीं पर फंस गए। छात्रों के पास खाद्य सामग्री और नकदी नहीं थी। दो-तीन दिन तक किसी तरह खाना खाते रहे लेकिन बुधवार को सारा राशन और पैसा खत्म होने पर फोन पर घर वालों को जानकारी दी। स्वजनों से जानकारी के बाद पश्चिम बंगाल के सांसद खगेन मुर्मू ने तुरंत अकबरपुर लोकसभा से सांसद देवेंद्र सिंह भोले से फोन पर वार्ता की।
उन्होंने घटनाक्रम से अवगत कराया और छात्रों की मदद करने को कहा। सांसद मीडिया प्रभारी अशोक सिंह दद्दा के मुतािबक सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने जिलाधकारी व डीआईजी से वार्ता की और छात्रों की मदद के लिए पहुंचे। सांसद ने छात्रों को खाद्य सामग्री से लेकर जरूरत का सारा सामान और कपड़ों की व्यवस्था कराई। छात्रों ने जिला प्रशासन के साथ सांसद समेत अवध बिहारी मिश्रा को धन्यवाद दिया।