मोतीझील में कल से शुरू होगा 7वां कानपुर लेदर मेला, 46 स्टॉलों पर दिखेंगे शानदार उत्पाद
कानपुर में 30 अक्टूबर से मोतीझील लॉन-1 में सातवां 'कानपुर लेदर मेला-2026' शुरू हो रहा है, जिसमें 46 स्टॉलों पर विश्वस्तरीय लेदर व फुटवियर उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला मिलेगी।

7वां 'कानपुर लेदर मेला-2026'
HighLights
सातवां कानपुर लेदर मेला 30 अक्टूबर से मोतीझील में।
46 स्टॉलों पर मिलेंगे लेदर व फुटवियर उत्पाद।
स्थानीय निर्माताओं को मिलेगा सीधा बाजार मंच।
जागरण संवाददाता, कानपुर। शहरवासियों को त्योहारी सीजन में स्थानीय स्तर पर तैयार विश्वस्तरीय लेदर व फुटवियर उत्पादों की खरीदारी का बेहतरीन मंच उपलब्ध कराने के लिए 'कानपुर लेदर मेला-2026' का सातवां संस्करण शुक्रवार, 30 अक्टूबर से मोतीझील लॉन-1 में आयोजित किया जा रहा है।
4 दिवसीय इस मेले का आयोजन चर्म निर्यात परिषद (सीएलई) के मध्य क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा किया जा रहा है। पत्रकार वार्ता में चर्म निर्यात परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तारुल अमीन ने बताया कि पिछले 6 आयोजनों की भारी सफलता और शहरवासियों की मांग को देखते हुए इस बार मेले की अवधि बढ़ाकर चार दिन की गई है। बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए परिषद अब इस मेले को साल में दो बार आयोजित करने की योजना बना रही है।
उन्होंने यह भी साझा किया कि अगले वर्ष के लिए अभी से बड़े ग्राउंड की व्यवस्था की जा रही है, जिससे भविष्य में आगरा और कोलकाता के निर्माताओं को भी इसमें शामिल किया जा सके।
46 स्टॉलों पर दिखेगी उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला
मेले में कुल 46 स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां लेदर और नॉन-लेदर फुटवियर, जैकेट, बेल्ट, वॉलेट, बैग, महिलाओं के हैंडबैग और पर्स की विस्तृत रेंज सीधे निर्माताओं द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। कानपुर-उन्नाव क्षेत्र देश के चर्म उद्योग का प्रमुख केंद्र है; ऐसे में यह मेला स्थानीय निर्माताओं व निर्यातकों को घरेलू बाजार में पहचान मजबूत करने और उपभोक्ताओं से सीधे जुड़ने का अवसर देगा।
शुक्रवार शाम 7:30 बजे होगा उद्घाटन
मेले का औपचारिक उद्घाटन 30 अक्टूबर की शाम 7:30 बजे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (वस्त्र, रेशम, खादी एवं ग्रामोद्योग) राकेश सचान करेंगे। समारोह में सीएलई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तारुल अमीन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि क्षेत्रीय अध्यक्ष (मध्य क्षेत्र) यादवेन्द्र सिंह सचान अतिथियों का स्वागत करेंगे। इस आयोजन में एचबीटीयू सहित कई औद्योगिक संस्थान सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं।
'ईज ऑफ स्केलिंग' पर जोर दे सरकार
मुख्तारुल अमीन ने वैश्विक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए कहा कि ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ होने वाले मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से भारतीय लेदर उद्योग के लिए वैश्विक स्तर पर नए द्वार खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' से एमएसएमई को बड़ी राहत दी है, लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय मांग पूरी करने के लिए 'ईज ऑफ स्केलिंग बिजनेस' (कारोबार का दायरा बढ़ाने की सुगमता) की नीति आवश्यक है। इस संबंध में केंद्रीय बजट पूर्व बैठक में सरकार को आवश्यक प्रस्ताव भी सौंपे गए हैं।
