तिगरी गंगा मेला: 40 लाख श्रद्धालुओं का लगेगा जमघट, लागू रहेगी वीआईपी प्रोटोकाल व्यवस्था
अमरोहा में तिगरी गंगा मेले की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें 35-40 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेले ...और पढ़ें

तिगरी मेला
HighLights
दो सदस्यीय कमेटी गठित, 15 से 25 नवंबर तक संभालेंगी प्रोटोकाल की जिम्मेदारी
जागरण संवाददाता, अमरोहा। तिगरी गंगा मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। मेले में वीआइपी प्रोटोकाल व्यवस्था लागू रहेगी। इसके लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। डिप्टी कलेक्टर रितु रानी और सीओ मंडी धनौरा अंजलि कटारिया को प्रोटोकाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दोनों अधिकारी 15 से 25 नवंबर तक मेले में आने वाले वीआइपी के दौरों के दौरान प्रोटोकाल व्यवस्था संभालेंगी। वहीं, मेले को भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने 18 समितियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
हर साल की तरह इस बार भी तिगरी गंगा मेले की तैयारियों में प्रशासन जुटा हुआ है। जिलाधिकारी डाॅ. नितिन गौड़ अधिकारियों के साथ दो बार बैठक कर व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंप चुके हैं।
साथ ही संबंधित विभागों को जल्द से जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। विभागों की ओर से विभिन्न कार्यों के टेंडर निकालने के साथ ठेकेदारों के चयन की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
फिलहाल मेलास्थल पर जमीन चिह्नित करने का काम चल रहा है। प्रशासन को इस बार तिगरी गंगा मेले में 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए यातायात, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है। मेले में वीआईपी के भी पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रोटोकाल व्यवस्था के लिए अधिकारियों को नामित किया गया है।
लोक निर्माण विभाग ने भी मेले तक पहुंचने वाले मार्गों के निर्माण और मरम्मत की तैयारी की है। मेलास्थल पर काम शुरू कराने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।
मेले को व्यवस्थित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने 18 समितियों को जिम्मेदारी सौंपी है। संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का जोर है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।
तिगरी गंगा मेले की तैयारियों के तहत काम शुरू करा दिया गया है। जमीन चिह्नित की जा रही है। मार्गों के निर्माण सहित अन्य कार्य भी शुरू किए जा रहे हैं। सभी विभाग व्यवस्थाओं को पूरा करने में जुटे हैं।
- गरिमा सिंह, मेलाधिकारी।
यह भी पढ़ें- अभी से दिखने लगी तिगरी गंगा मेले की रंगत! कार्तिक पूर्णिमा पर जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, जगह घेरने की मची होड़
