कानपुर में वकीलों का प्रदर्शन, न्यायिक कार्य का किया बहिष्कार, कचहरी में सन्नाटा
कानपुर में बार और लायर्स एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। ...और पढ़ें

कचहरी में प्रदर्शन करते वकील। जागरण
HighLights
अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों के समर्थन में न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया
बार और लायर्स एसोसिएशन के आह्वान पर कानपुर में प्रदर्शन हुआ
कचहरी, रजिस्ट्री कार्यालय और तहसील में कामकाज पूरी तरह ठप रहा
जागरण संवाददाता, कानपुर। बार एसोसिएशन व लायर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 10 व 11 सितंबर को दो दिन चले प्रांतीय सम्मेलन में अधिवक्ताओं की मांगे न माने जाने तक सप्ताह में हर बुधवार को न्यायिक कार्य बहिष्कार करने की घोषणा की गई थी। इसी घोषणा के तहत बुधवार को कानपुर में सभी अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर दिया।
अधिवक्ता बार एसोसिएशन कार्यालय के बाहर इकट्ठा हुए और अधिवक्ता एकता जिंदाबाद, हमारी मांगें पूरी करो के नारे लगाते हुए अपनी एकजुटता दिखाई। इसके बाद वकीलों ने अलग-अलग समूह बनाया। एक समूह अदालतों की ओर, एक रजिस्ट्री कार्यालय और एक समूह तहसील की ओर रवाना हो गया। यहां अधिवक्ताओं ने घूम घूम कर नारेबाजी करते हुए सभी अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्य न करने का आह्वान किया।
मंगलवार को ही बार व लायर्स एसोसिएशन ने एक नोटिस जारी करके सभी अधिवक्ताओं को आगाह किया था कि अगर प्रांतीय सम्मेलन में लिए गए निर्णय के तहत बुधवार को कार्य बहिष्कार के दौरान किसी भी अधिवक्ता ने कोई न्यायिक कार्य किया तो दोनों संस्थाओं से उसकी सदस्यता निलंबित कर दी जाएगी। सख्ती के चलते पूरी कचहरी में सन्नाटे सा माहौल रहा। टाइपिस्ट, स्टांप वेंडर व फोटोकापी की भी ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। रजिस्ट्री दफ्तर भी वकीलों ने बंद करा दिया।
