विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur लैंबार्गिनी हादसे में नया मोड़, शिवम दिल्ली में भर्ती, पिता पहली बार आए सामने, दिया ये बयान

Published: Tue, 10 Feb 2026 05:18 PM (IST)

कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसे में नया मोड़ आया है। बंशीधर टोबैको ग्रुप के निदेशक केके मिश्रा के बेटे शिवम को दिल्ली ...और पढ़ें

HighLights

  1. शिवम दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं।

  2. पिता ने कहा, शिवम गाड़ी नहीं चला रहा था।

  3. लैंबॉर्गिनी ने बुलेट, बाइक, ऑटो को टक्कर मारी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर में लैंबार्गिनी हादसे में एक नया मोड़ सामने आया है। शिवम दिल्ली के अस्पताल में भर्ती है। इधर, पिता ने पहली बार मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, शिवम गाड़ी नहीं चला रहा था।

बंशीधर टोबैको ग्रुप के मालिक केके मिश्रा के के बेटे व कंपनी में निदेशक शिवम का नाम सामने आने के बाद पहली बार पिता ने कहा कि बेटा और ड्राइवर ट्रायल लेने के लिए गए थे। शिवम मिश्रा और ड्राइवर दोनों गाड़ी में थे। जब तबियत खराब होने लगी तो गाड़ी धीरे की तो टैंपों ने टक्कर मारी। जांच का विषय है जो होगा देखा जाएगा। जब पुलिस घर आई तो शिवम नहीं था। 

रविवार अपराह्न दो बजे वीआइपी रोड से तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम बिठूर स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उसके बाद उन्हें दिल्ली लौटना था। इसी दौरान भैरोंघाट चौराहे के पास आटो व एक बुलेट में टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से उनकी 10 करोड़ रुपये कीमत की लैंबार्गिनी रिवोल्ट टकराई थी। कार सड़क किनारे खड़े आटो को टक्कर मारकर बुलेट के ऊपर चढ़ गई थी।

वहां खड़े तौफीक अहमद को टक्कर लगी तो वह उछलकर दूर गिरे। उनके बाएं पैर में ज्यादा चोट आई है। बुलेट सवार विशाल त्रिपाठी व सोनू त्रिपाठी को धक्का लगा, लेकिन वे ठीक हैं। शिवम को भी चोटें आई हैं। पुलिस कार को ग्वालटोली थाने ले गई तो पांच-छह बाउंसर भी पहुंच गए। उन्होंने कार पर कवर डाल दिया। लोगों ने विरोध किया तो बाउंसरों ने अभद्रता की। तौफीक ने कार नंबर (डीएल 11 सीएफ 4018) के आधार पर तहरीर दी तो पुलिस ने अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया।

मामला इंटरनेट मीडिया पर छाया तो कारोबारी के बेटे का नाम भी जोड़ा गया था। थाने में कार को कवर से ढककर खड़ा करने पर सवाल उठे और थाना प्रभारी संजय गौड़ को लाइन हाजिर कर दिया गया था। कारोबारी के वकील मृत्युंजय कुमार ने कहा है कि कार शिवम नहीं, उनका चालक चला रहा था। उसकी तबीयत बिगड़ने से हादसा हुआ है। हालांकि, पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि कार शिवम ही चला रहे थे, उन्हें चिकित्सकीय समस्या है। कानून सबके लिए बराबर है। इस मामले में भी कानून के हिसाब से कार्रवाई होगी।

बंशीधर टोबैको ग्रुप के मालिक केके मिश्रा का घर आर्यनगर व दिल्ली के वसंत विहार में भी है। वह फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद के मूल निवासी हैं। उनका समूह भारत के प्रमुख तंबाकू आपूर्तिकर्ताओं में से एक है, जो मुख्य रूप से कानपुर में स्थित है। समूह की स्थापना लगभग 90 साल पहले हुई थी। इसके वर्तमान प्रमुख के.के. मिश्रा (कृष्णा कुमार मिश्रा) हैं, जिन्हें उद्योग जगत में 'मुन्ना मिश्रा' के नाम से भी जाना जाता है। उनके बेटे शिवम मिश्रा भी कंपनी में निदेशक हैं।

कंपनी मुख्य रूप से कच्चे व प्राकृतिक तंबाकू के निर्माण और आपूर्ति का काम करती है। भारत की कई बड़ी गुटखा व पान मसाला कंपनियों को कच्चा माल (तंबाकू) सप्लाई करती है। उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, मुंबई, गुजरात व आंध्र प्रदेश समेत देश भर में इनका कारोबार है। प्रापर्टी के काम से भी जुड़े हैं। मार्च 2024 में आयकर विभाग ने इस समूह के 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच में पता चला था कि कंपनी का असली टर्नओवर 100-150 करोड़ रुपये के आसपास था, जबकि कागजों में इससे बहुत कम आंकड़ा दिखाया जा रहा था। छापेमारी के दौरान लगभग 50-60 करोड़ की लग्जरी कारें राल्स रायस फैंटम, लैंबार्गिनी, मैकलारेन, पोर्श और 12 करोड़ रुपये तक की कीमती घड़ियां व करोड़ों रुपये नकद बरामद किए गए थे।