करवाचौथ पर कानपुर के बाजारों में उमड़ी भीड़, पूजन सामग्री की हुई जमकर खरीदारी
करवाचौथ के दिन कानपुर के बाजारों में सुहागिनों ने पूजा सामग्री, करवा और चलनी की जमकर खरीदारी की। महिलाओं ने ...और पढ़ें

HighLights
करवाचौथ पर कानपुर के बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी।
महिलाओं ने करवा, चलनी, लाई, गट्टा और खिलौने खरीदे।
मेहंदी लगवाने और ब्यूटी पार्लर में भी दिखी भीड़।
जागरण संवाददाता, कानपुर। किसी को पूजा की थाली में सजाने के लिए करवा और चलनी खरीदनी थी, तो कोई व्रत की पूजा में चढ़ने वाली लाई, गट्टा और खिलौने जुटाने में लगी थी। करवाचौथ पर सुहाग की लंबी उम्र की कामना के साथ महिलाओं ने दिनभर खरीदारी कर पूजा की तैयारियां पूरी कीं।
त्योहार के दिन भी करवाचौथ पर शिवाला, सीसामऊ, गोविंदनगर और गुमटी नंबर पांच समेत शहर के प्रमुख बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। करवा, कैलेंडर, चलनी, पूजा की थाली, फूल-माला, गजरा और पूजन में चढ़ाए जाने वाले सामान की खरीदारी के लिए महिलाएं एक दुकान से दूसरी दुकान तक जाती नजर आईं। जिन महिलाओं की तैयारियां अधूरी रह गई थीं, उन्होंने व्रत के दिन बाजार पहुंचकर जरूरी सामान खरीदा।
बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानों पर लाई, गट्टा, चूरा और खिलौनों की मांग रही। महिलाओं ने पूजा में चढ़ाने के लिए अलग-अलग सामग्री खरीदी। वहीं, फूल-माला की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही रही।
दोपहर तक महिलाओं ने लगवाई मेहंदी
त्योहार के दिन बाजारों में खरीदारी का सिलसिला लगातार जारी रहा। महिलाओं की प्राथमिकता शाम की पूजा के लिए सभी जरूरी सामान जुटाने की थी। दोपहर तक महिलाएं जगह-जगह मेहंदी लगवाती नजर आईं तो वहीं, पूजा के पहले सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लर में शाम से खूब भीड़ रही।
शाम की पूजा और चांद का इंतजार
दिनभर खरीदारी के बाद महिलाओं ने घर लौटकर पूजा की तैयारियां पूरी कीं। निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए दिनभर की तैयारियों के बीच शाम की पूजा खास रही। बाजारों में सुबह से शाम तक बनी रौनक के बाद सभी को पूजा और चांद निकलने का इंतजार रहा।
करवा, चलनी और थाली की कीमतें: (बॉक्स में)
- 25 से 40 रुपये में मिट्टी का साधारण करवा
- 10 रुपये में करवाचौथ कैलेंडर
- 50 रुपये से 120 रुपये में साधारण व सजी हुई चलनी
- 200 से 300 करवाचौथ की सजी हुई थाली व चलनी
- 20 से 40 रुपये में गजरा, 20 रुपये में पूजा के फूल
