स्पाइस जेट का हब होगा कानपुर, दुबई और रियाद के लिए भी फ्लाइट जल्द
स्पाइस जेट नार्थ इंडिया के कई अधिकारियों शहर आए और ट्रेवल्स एजेंटों से बात की। जल्द ही अन्य देशों के लिए फ्लाइट मिलने की उम्मीद।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। कानपुर से मुंबई और दिल्ली की फ्लाइट सफल होने से उत्साहित स्पाइस जेट अब कानपुर को हब बनाने की तैयारी में है। यात्रियों की संख्या इसी तरह अच्छी मिलती रही तो नए साल में हवाई नक्शे पर पूरा देश कानपुर से जुड़ जाएगा। स्पाइस जेट के अधिकारियों के शहर आने और जानकारी लिये जाने के बाद यहां से दुबई और रियाद के लिए भी फ्लाइट शुरू होने की उम्मीद बंध गई है।
मंगलवार को स्पाइस जेट नार्थ इंडिया के कई अधिकारी शहर पहुंचे और विभिन्न ट्रेवल्स एजेंटों से मुलाकात की। स्पाइस जेट अधिकारियों को कानपुर से काफी उम्मीद है। उनका कहना है कि वह दिन दूर नहीं जब यहां से दूसरे देशों के लिए भी फ्लाइट मिलने लगेंगी। इसके साथ ही मुंबई के लिए दूसरी फ्लाइट भी शुरू हो सकती है।
अभी अमौसी से पकड़ते फ्लाइट
लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से दुबई, मस्कट, रियाद के लिए उड़ान भरने वाले यात्रियों में 35 फीसद यात्री कानपुर और उन्नाव के होते हैं। स्पाइस जेट ने सर्वे में पाया है कि यदि कानपुर से दुबई, मस्कट और रियाद के लिए उड़ान शुरू हो तो मुंबई की तर्ज पर लोड मिल सकता है। इसके अलावा पहली नवंबर से कानपुर-कोलकाता के मध्य उड़ान शुरू हो जाएगी।