कानपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर चाचा-भतीजे की मौत, तीसरा कारीगर घायल
कानपुर के केशवपुरम में एक फ्लैट की बालकनी में एल्यूमिनियम पार्टीशन का काम करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में ...और पढ़ें
-1790429158837_m.webp)
राजपाल और अभिषेक की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
कानपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए तीन कारीगर।
हादसे में चाचा राजपाल और भतीजे अभिषेक की मौत हुई।
तीसरा कारीगर रिजवान गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर(कानपुर)। केशवपुरम में बालाजी अपार्टमेंट के एक फ्लैट की बालकनी में एल्यूमिनियम की दीवार बनाने (पार्टीशन) के लिए शनिवार को उसकी नाप करने के दौरान चाचा-भतीजे समेत तीन कारीगर हाईटेंशन की चपेट में आ गए। इसमें चाचा-भतीजे की मौत हो गई, जबकि तीसरा कारीगर घायल हो गए। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। रावतपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डबल पुलिया निवासी रीना पांडु नगर स्थित मदर टेरेसा स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। वह बहन हेलेना और मीना के साथ रहती हैं। रीना ने बताया कि उनका केशवपुरम में स्थित बालाजी अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर एक फ्लैट है। रतनपुर निवासी 40 वर्षीय राजपाल उर्फ छोटू उनकी गाड़ी चलाते थे, जबकि उनकी पत्नी मिथलेश भी फ्लैट में साफ सफाई करती हैं।
फ्लैट के पीछे के हिस्से की बालकनी में एल्यूमिनियम व शीशे से दीवार बनवानी थी। फ्लैट की चाबी मिथलेश के पास रहती है। शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे छोटू रावतपुर स्थित रामलला स्कूल के पास रहने वाले भतीजे 25 वर्षीय अभिषेक पाल उर्फ राहुल और मसवानपुर निवासी एल्यूमिनियम पार्टिशन कारीगर 25 वर्षीय रिजवान को लेकर फ्लैट में पहुंचे थे।
तीनों लोहे के इंचीटेप से पार्टिशन के लिए फ्रेम तैयार करने के लिए लंबाई नाप रहे थे, तभी चाचा-भतीजे व रिजवान ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गये। जानकारी मिलते ही रावतपुर थाना पुलिस तीनों को लाइफ ट्रान अस्पताल ले गई, जहां डाक्टरों ने राजपाल और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे रिजवान को भर्ती कर लिया गया।
राजपाल की पत्नी मिथलेश ने बताया कि परिवार में अब 14 वर्षीय बेटी सौम्या, 12 वर्षीय बेटी श्रेया और तीन वर्षीय बेटे के अनावा सास मुन्नी देवी और ससुर विश्राम पाल हैं। वहीं, दिवंगत अभिषेक के परिवार में पत्नी सुचेता, चार वर्षीय एक बेटी और पिता दीन दयाल है। रावतपुर थानाध्यक्ष कमलेश राय ने बताया कि घायल को अस्पताल का इलाज चल रहा हैै। फिलहाल अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।
