धनतेरस और दीपावली से पहले सोना-चांदी के दाम में भारी उछाल, दो दिन में 7 प्रतिशत तक बढ़े रेट
धनतेरस और दीपावली से पहले कानपुर में सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल आया है, दो दिनों में चांदी और सोना महंगा हुआ।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सोने-चांदी की कीमतों में धनतेरस-दिवाली से पहले भारी उछाल।
दो दिनों में चांदी 12,700 रुपये, सोना 6,700 रुपये महंगा हुआ।
अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के कारण बढ़ी कीमतें, मांग का असर कम।
जागरण संवाददाता, कानपुर। धनतेरस और दीपावली से ठीक पहले सोने-चांदी की कीमतों में अचानक आई तेजी ने सराफा बाजार का गणित बदल दिया है। महज दो दिनों में चांदी 12,700 रुपये प्रति किलो और सोना 6,700 रुपये प्रति दस ग्राम महंगा हो गया।
तीन नवंबर से पांच नवंबर के बीच चांदी की कीमत में करीब सात प्रतिशत और सोने में 4.75 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अचानक बढ़े भाव से जहां निवेशकों की सक्रियता बढ़ी है, वहीं त्योहारी खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले ग्राहकों के बजट पर भी असर पड़ने लगा है।
स्थानीय सराफा बाजार में तीन नवंबर को चांदी 1.81 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.41 लाख रुपये प्रति दस ग्राम था। चार नवंबर को चांदी में एकमुश्त 11 हजार रुपये की तेजी आई और भाव 1.92 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गया।
इसी दिन सोना 3,900 रुपये उछलकर 1,44,900 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। पांच नवंबर को भी तेजी का सिलसिला नहीं थमा। चांदी 1,700 रुपये और महंगी होकर 1,93,700 रुपये प्रति किलो तथा सोना 2,800 रुपये बढ़कर 1,47,700 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।
चौक सराफा बाजार के कारोबारी पदम अग्रवाल के अनुसार इस तेजी के पीछे घरेलू बाजार की त्योहारी मांग से कहीं अधिक अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम जिम्मेदार हैं। अमेरिकी राजनीति, नीतियों और मिडटर्म चुनावों से जुड़े घटनाक्रम ने वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता बढ़ाई है। इसके अलावा कच्चे तेल (क्रूड आयल) की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत की गिरावट और ऊर्जा बाजार में बदलते समीकरणों का असर भी दिख रहा है।
नयागंज सराफा एसोसिएशन के नटवर मिश्रा के अनुसार मौजूदा तेजी में धनतेरस और दीपावली की स्थानीय मांग की हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत है, जबकि 90 प्रतिशत प्रभाव अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम का है। लंबे वैवाहिक सीजन के चलते आने वाले दिनों में भी सोने-चांदी की मांग बनी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।