कानपुर में थाईलैंड की महिला से 60 लाख रुपये की ठगी और मतांतरण केस में 120 पन्नों की चार्जशीट दाखिल
अनवरगंज पुलिस ने थाईलैंड की महिला से 60 लाख रुपये की ठगी और मतांतरण के मामले में 120 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
थाई महिला से 60 लाख रुपये ठगी का मामला।
चमड़ा कारोबारी इरफान और पिता पर चार्जशीट।
अनवरगंज पुलिस ने 120 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की।
जागरण संवाददाता, कानपुर। थाईलैंड की महिला से शादी कर 60 लाख रुपये की ठगी और मतांतरण के मामले में अनवरगंज पुलिस ने जांच पूरी कर 120 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने चमड़ा कारोबारी मो. इरफान और उसके पिता चांद को आरोपित माना है, जबकि कारोबारी के साझेदार रेहान के खिलाफ जांच में पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिले। चार्जशीट में 12 गवाह भी शामिल किए गए हैं।
थाईलैंड की रेस्टोरेंट संचालिका अपसार्न ने छह अक्टूबर को अनवरगंज निवासी चमड़ा कारोबारी मो. इरफान के खिलाफ पुलिस से शिकायत की थी। उनका आरोप था कि इरफान व्यापार के सिलसिले में थाईलैंड आता-जाता था। करीब चार साल पहले दोनों में दोस्ती हुई और थाई रीति-रिवाज से शादी कर ली। शादी के बाद कारोबारी ने व्यापार के नाम पर 60 लाख रुपये ले लिए। पीड़िता के मुताबिक, पांच अक्टूबर को वह कारोबारी के घर पहुंची तो पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं।
आरोप है कि इरफान ने उन पर मतांतरण कर निकाह करने का दबाव बनाया। पीड़िता ने इरफान, उसके पिता चांद और साझेदार रेहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इरफान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना कर रहे दारोगा शुभम सिंह ने साक्ष्य और गवाहों के बयान संकलित कर कारोबारी व उसके पिता के खिलाफ आरोपों की पुष्टि होने पर 120 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। थाना प्रभारी कुंवर अंशुमान ने बताया कि एसीपी के अवलोकन के बाद चार्जशीट को कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।