अनदेखी से बढ़ते कार्नियल इंजरी के मामले, लापरवाही में बना रहता रोशनी जाने का खतरा
कानपुर में दीपावली पर पटाखों से कार्नियल इंजरी के मामले बढ़े हैं, जिससे आंखों की रोशनी जाने का खतरा रहता है।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
पटाखों से कार्नियल इंजरी के मामले कानपुर में बढ़े।
आंख में बारूद जाने पर तुरंत विशेषज्ञ को दिखाएं।
दीपावली पर स्वस्थ खान-पान और हाइड्रेशन का ध्यान रखें।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दीपावली पर पटाखों के जलाने से निकलने वाले बारूद के कण जाने को अक्सर लोग अनदेखा कर देते हैं। यह कार्नियल इंजरी का खतरा पैदा करता है।
छोटी दीपावली पर एलएलआर, उर्सुला व कांशीराम चिकित्सालय की इमरजेंसी में बारूद के कण आंख में जाने के 10 से ज्यादा घायल पहुंचे। जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।
एलएलआर अस्पताल की इमरजेंसी में पटाखों से आंख, कान व बर्न के मामलों में हर साल वृद्धि होती है। त्योहार के बाद ओपीडी में बीपी, शुगर व कोलेस्ट्राल के मरीज भी बढ़ने लगते हैं। मनचाहा खान-पान व लापरवाही से यह खतरा बढ़ता है।
जीएसवीएम मेडिकल कालेज की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी मोहन ने बताया कि पटाखे जलाते समय बच्चे व बुजुर्ग को चश्मा जरूर पहनाएं ताकि पटाखों से होने वाले खतरे को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले कई साल से कार्नियल इंजरी व आंख में बारूद जाने से कार्निया में सफेदी का खतरा बना रहता है।
पटाखों के धुएं के कारण आंख का भारीपन व जलन की समस्या भी हो सकती है। ऐसे में सादे पानी से कई बार आंख को धोए और दिक्कत बढ़ने पर नेत्र रोग विशेषज्ञ को दिखाएं।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. सोनिया दमेले ने कहा कि कार्नियल इंजरी का खतरा बच्चों व बुजुर्ग में ज्यादा बना रहता है। इसलिए आंख में बारूद का कण जाने पर देरी न करें। त्वचा रोग विशेषज्ञ डा. डीपी शिवहरे ने कहा कि बर्न के मामलों में अनदेखी न करें। पटाखों से जलने वाले स्थान पर सादा पानी डालें और आराम नहीं पड़ने पर विशेषज्ञ को दिखाएं।

खाने में यह करें
- बाजार की मिलावटी मिठाइयों के बजाय घर पर सूजी, बेसन, या रागी के लड्डू खाएं। चीनी की जगह गुड़, खजूर या धागे वाली मिश्री का इस्तेमाल करें।
- काजू, बादाम, अखरोट, और पिस्ता जैसे सूखे मेवे खाएं। ये शरीर को तुरंत एनर्जी देते हैं और लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं।
- मौसमी फल जैसे सेब, संतरा, अनार और पपीता खाएं। ये पाचनको दुरुस्त रखते हैं।
- डीप फ्राई की हुई नमकीन व समोसे की जगह रोस्टेड मखाना, भुना हुआ चना खाएं।
- दिनभर में कम से कम आठ से 10 गिलास पानी पिएं। नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ या हर्बल टी लें, यह शरीर को डिटाक्स करने में मददगार साबित होगा।
इन बातों का भी रखें ध्यान
- ब्लड शुगर में अचानक उछाल होने पर सूखे मेवे (अंजीर, खजूर) का प्रयोग कर सकते हैं।
- पेट फूलना, डिहाइड्रेशन, पाचन एंजाइम का धीमा होने पर नींबू-पुदीना पानी, मट्ठा, सौंफ-जीरा छाछ या हल्का नारियल पानी पिएं।
- सीने में जलन, अनिद्रा होने पर गर्म पानी पिएं।
- खाने में 50 प्रतिशत सलाद, रायता व भुनी सब्जियों को शामिल करें।
- पसंदीदा मिठाई की कुछ बाइट ही खाएं।