पटकापुर अग्निकांड का 20 हजार का इनामी बिल्डर प्यारे खान ICU में भर्ती, 15 अस्पताल जांच चुकी पुलिस
कानपुर के पटकापुर अग्निकांड के 20 हजार के इनामी आरोपी बिल्डर प्यारे खान की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है, लेकिन पुलिस को अस्पताल का पता नहीं चल रहा है।

पटकापुर अग्निकांड का 20 हजार का इनामी बिल्डर प्यारे खान की फोटो। (जागरण)
जागरण संवाददाता, कानपुर। पटकापुर के राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड के 20 हजार के इनामी आरोपित बिल्डर प्यारे खान की तबीयत खराब हो गई। वह अस्पताल के आइसीयू में भर्ती है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उन्हें अस्पताल की जानकारी नहीं है, एसीपी कोतवाली ने अपने क्षेत्र के 15 से अधिक अस्पतालों में जांच कराई है, लेकिन कहीं पता नहीं चला है।
पुलिस भर्ती व फरार बिल्डरों के परिवार से भी पूछताछ कर रही है, पर वे कुछ नहीं बता रहे हैं। वहीं, एक आरोपित शफीक की लोकेशन जयपुर और सरबजीत की लोकेशन पंजाब में मिली है, जबकि आरोपित हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान का कोई सुराग नहीं लगा है।
पटकापुर की पांच फीट चौड़ी सड़क वाली एक गली में छह मंजिला अवैध बने अपार्टमेंट में 12 परिवारों के लोग रहते हैं। 16 नवंबर तड़के भूतल में लगे मीटर में आग लगने से 16 वर्षीय प्रांजल व राखी साहू की जान चली गई थी। प्रांजल के पिता अनिल बाथम ने बिल्डर मोहित तिवारी, हिस्ट्रीशीटर पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, सरबजीत कौर, प्यारे खान, शफीक के खिलाफ फीलखाना थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
उन सभी पर 20-20 हजार का इनाम घोषित हुआ तो मोहित ने थाने में रविवार को आत्मसमर्पण कर दिया। जांच में आरोपित शफीक के दो रिश्तेदार, सेवानिवृत्त केडीए कर्मी समेत चार संदिग्ध लोगों की कुंडली खंगाल रही है।
एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपित प्यारे खान के आइसीयू में भर्ती होने की सूचना है, लेकिन वह किस अस्पताल में है। इसका पता नहीं चल रहा है। अब तक 15 अस्पताल जांच चुके हैं, लेकिन उसका पता नहीं चल सका है। जल्द अस्पताल को ढूंढ लिया जाएगा। उसके स्वास्थ्य लाभ के बाद उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। अन्य की तलाश में टीम लगी है।