कानपुर: डॉक्टर की कुर्सी पर बैठकर मरीजों को दवा लिखने वाले ड्राइवर पर होगी FIR, जांच को टीम गठित
कानपुर के एक अस्पताल में मरीजों को दवाएं लिखने वाले ड्राइवर देव प्रताप सिंह पर चकेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज होगी।
HighLights
ड्राइवर देव प्रताप सिंह पर चकेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज होगी।
डॉ. रामकेश की भूमिका की जांच के लिए कमेटी गठित की गई।
वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। ट्रामा सेंटर में मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले ड्राइवर देव प्रताप सिंह पर चकेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज होगी।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीयूष अग्रवाल ने पुलिस को लिखित शिकायत भेजी है। साथ ही मेडिकल आफिसर डॉ. रामकेश की भूमिका की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
जांच टीम में डॉ. पंकज श्रीवास्तव, डॉ. ओपी राय और डॉ. राकेश शामिल हैं। यह टीम ओपीडी में आने वाले मरीजों से बयान दर्ज कर दो दिन में रिपोर्ट देगी।
गुरुवार को वीडियो सामने आने के बाद डॉ. रामकेश का अवकाश निरस्त कर स्पष्टीकरण तलब किया गया है। आरोप है कि वह लंबे समय से ड्राइवर से पर्चे लिखवा रहे थे। शासन के संज्ञान लेने से महकमे में हलचल मची है।

प्रचलित वीडियो का घटनाक्रम
प्रचलित वीडियो में चिकित्सालय के कक्ष संख्या 110 में ओपीडी डाक्टर की कुर्सी पर बैठा ड्राइवर मरीजों को बुलाकर उनका मर्ज पूछ रहा है और फिर पर्ची पर दवा लिखकर उनको कहां मिलेगी उसके बारे में बता रहा है। कई मरीजों के साथ हुए इस जानलेवा खेल का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा।
