विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर फैक्ट्री में लोडर के कुचलने से कर्मचारी की मौत, टक्कर से गार्ड की भी हालत गंभीर; CCTV में कैद हुई घटना

Published: Thu, 01 Oct 2026 07:38 PM (IST)

कानपुर के पनकी स्थित एक बैटरी फैक्ट्री में लोडर ने एक कर्मचारी को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

कुचलने के बाद लोडर गार्ड को टक्कर मारते हुए कैमरे में दिखा।

कुचलने के बाद लोडर गार्ड को टक्कर मारते हुए कैमरे में दिखा।

HighLights

  1. पनकी बैटरी फैक्ट्री में लोडर ने कर्मचारी को कुचला, मौत हुई।

  2. लोडर की टक्कर से गार्ड गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती।

  3. हादसा सीसीटीवी में कैद, मुआवजे को लेकर बातचीत जारी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। पनकी में बैट्री बनाने वाली एक फैक्ट्री के अंदर गुरुवार सुबह लोडर ने पहले कर्मचारी को कुचला, फिर कुछ दूरी पर बैठे गार्ड को टक्कर मार गेट से टकरा गया। हादसे में कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि गार्ड भी गंभीर रूप से घायल है।

गनीमत रही कि गार्ड की दोनाली बंदूक लोडर के आगे हिस्से में फंस गई। इससे गार्ड पहिए के नीचे नहीं आ पाए और टक्कर लगते ही उछलकर दूर जाकर गिरे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

हादसे के बाद दिवंगत के स्वजन ने मुआवजे की मांग की। इसको लेकर फैक्ट्री मालिक से स्वजन की देर शाम तक बातचीत होती रही। वहीं, फैक्ट्री में लगे सीसी कैमरों में भी हादसा दिखा, जिनके वीडियो प्रचलित हुए।

गुजैनी के आई ब्लॉक निवासी 47 वर्षीय अशोक कुमार पनकी औद्योगिक क्षेत्र साइड-4 में स्थित बैट्री फैक्ट्री में काम करते थे। परिवार में पत्नी सरोजनी देवी, बेटे शोभित, मोहित और बेटी काजल हैं।

शोभित ने बताया कि पिता की रात में ड्यूटी लगी थी। सुबह फैक्ट्री के अंदर एक लोडर खड़ा था। चालक ने पिता से लोडर के आगे खड़ी उनकी स्कूटर हटाने की बात कही। उसे फैक्ट्री से बाहर लोडर लेकर जाना था। पिता स्कूटर वहां से हटा किनारे खड़ा करने लगे।

चालक लोडर लेकर जाने लगा, पर कुछ ही सेकेंड बाद उसकी रफ्तार काफी तेज हो गई और पिता को टक्कर मारने के बाद उन्हें कुचलते हुए एक गार्ड को भी टक्कर मारगेट से टकरा गया। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पनकी थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि फैक्ट्री मालिक और दिवंगत के स्वजन के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत चल रही है। अगर परिवार तहरीर देता है तो उसके आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कासगंज में गंगा का पानी लेकर आया तबाही, कटान जारी; दर्जनों गांव पानी से घिरे