विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर एक्सप्रेस पर पथराव: ट्रेन के भीतर की तस्वीरें आईं; 12 घायल यात्रियों को 80 किमी बाद मिला इलाज

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:22 AM (IST)

कानपुर एक्सप्रेस पर जूही आउटर के पास अराजक तत्वों ने पथराव किया, जिसमें एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।  

कानपुर एक्सप्रेस के कोच एस वन पर पत्थरबाजी से सहमे यात्री। सौजन्य यात्री

कानपुर एक्सप्रेस के कोच एस वन पर पत्थरबाजी से सहमे यात्री। सौजन्य यात्री

HighLights

  1. कानपुर एक्सप्रेस पर जूही आउटर के पास पथराव हुआ।

  2. संदिग्ध को कोच में चढ़ने से रोकने पर घटना हुई।

  3. पथराव में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए।

जागरण संवाददाता, कानपुर। रात के अंधेरे में संदिग्ध युवक को कोच में चढ़ने से रोकना कानपुर एक्सप्रेस के यात्रियों को भारी पड़ गया। सात दिन पहले ही शुरू हुए कानपुर एक्सप्रेस (14153) पर मंगलवार रात जूही आउटर केबिन के पास अराजक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसमें एस-1 कोच के एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए।

जीआरपी ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे मौके से फरार हो गए। जीआरपी सेंट्रल स्टेशन ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार के बीच संचालित कानपुर एक्सप्रेस का संचालन 19 नवंबर 2026 से शुरू हुआ है। मंगलवार रात ट्रेन जूही आउटर केबिन के पास धीमी हुई थी। इस दौरान वहां पहले से खड़े एक व्यक्ति ने ट्रेन के एस-1 कोच में चढ़ने की कोशिश की।

रात का समय होने के कारण कोच में सवार यात्रियों ने उसे संदिग्ध समझकर अंदर आने से रोक दिया और दरवाजे बंद कर लिए। इस पर उसने अपने कुछ साथियों के साथ कोच पर पथराव शुरू कर दिया। इससे दहशत में लोग ऊपर के बर्थ पर छिपने के लिए भागे और खिड़कियां बंद कर लीं। बहुत देर तक लोग ऊपरी बर्थ से ही चिपके रहे। जीआरपी मौके पर पहुंची और तलाश की, लेकिन तब तक अराजक तत्व फरार हो चुके थे।

घायल यात्रियों को फफूंद स्टेशन पर प्राथमिक उपचार दिया गया। जीआरपी ने दर्ज मुकदमे में तीन घायलों की पुष्टि की, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के घायलों व चुटहिल की संख्या एक दर्जन से अधिक की बताई है। प्रयागराज रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह के अनुसार, घायल तीन यात्रियों को फफूंद में प्राथमिक उपचार दिया गया है। जीआरपी मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।

80 किमी दूर फफूंद में मिला इलाज

पत्थरबाजी से घायल यात्रियों को घटनास्थल से 80 किलोमीटर दूर फफूंद में प्राथमिक उपचार मिल सका। करीब 21 मिनट की देरी से फफूंद पहुंची ट्रेन में तब तक घायल यात्री कराहते ही रहे। लोगों ने बताया कि घटनास्थल पर जीआरपी के जवान पहुंच गए थे, फिर भी घायलों को प्राथमिक उपचार वहां नहीं मिल सका।

परेशान यात्रियों ने रेल मदद पर मांगी सहायता

लगातार पत्थरबाजी होने पर सहमे यात्रियों ने रेल मदद पर मदद की गुहार लगाई थी। लाइव लोकेशन के आधार पर उनका पता लगाकर जीआरपी और आरपीएफ को शिकायत भेजी गई। इस आधार पर जीआरपी और आरपीएफ के जवान वहां पहुंचे और यात्रियों की मदद की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।