कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- सत्ता के संरक्षण में बखौफ हैं अपराधी, योगी गोरखपुर वापस जाएं
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के निर्देश पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने घायल पुलिस जवानों से मुलाकात की।
कानपुर, जेएनएन। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मुठभेड़ में शहीद हुए आठ पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ ही घटना पर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कहा, उत्तर प्रदेश में जंगल राज कायम है और सत्ता के संरक्षण में अपराधी बेखौफ हो गए हैं। जिस प्रदेश में पुलिस सुरक्षित नहीं है वहां जनता कैसे सुरक्षित रहेगी। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री योगी वापस गोरखपुर जाएं।
शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि, घायलों से पूछा हाल
चौबेपुर के बिकरू गांव में गुरुवार देर रात मुठभेड़ में आठ पुलिस कर्मियों के शहीद होने और सात पुलिस जवानों के घायल होने की घटना के बाद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के निर्देश पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कानपुर आने की बात कही। उनके साथ विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और डॉ. आरके चौधरी भी थे, कांगेस नेताओं ने सबसे पहले रीजेंसी अस्पताल पहुंचकर घायल दरोगा सुधाकर पांडेय से घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष ने शहीद पुलिस कर्मियों के प्रति शोक संवदेना प्रकट की और पुलिस टीम के अदम्य साहस की सराहना भी की।
जहां पुलिस अधिकारी असुरक्षित, वहां जनता कैसे सुरक्षित
अस्पताल में घायलों से मुलाकात के बाद पत्रकार वार्ता में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता के संरक्षण में अपराधी बेखौफ हैं। आज प्रदेश की पहचान लूट, हत्या, डकैती और बलात्कार के रूप में होने लगी है। प्रदेश अपराधियाें की पनाहगाह बन गया है। रोज की घटनाओं से साबित हो गया है कि उत्तर प्रदेश में जंगल राज है। प्रदेश अध्यक्ष ने इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या में आरोपितों के जेल से छूटने के बाद सत्ता पक्ष के नेताओं द्वारा महिमा मंडन करने और कन्नौज में सांसद द्वारा तहसीलदार को पीटने समेत कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जब पुलिस और अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो जनता कैसे सुरक्षित रहेगी। शहर कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री, विधायक सोहिल अख्तर अंसारी, पूर्व सांसद राकेश सचान व राजाराम पाल, पूर्व विधायक संजीव दरियाबादी आदि उपस्थित रहे।
सीओ के भाई ने उठायी सीबीआइ जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं से वार्ता के दौरान शहीद सीओ देवेंद्र मिश्रा के भाई कमलकांत मिश्रा ने सीबीआइ जांच की मांग उठाई। उनका कहना था कि विकास दुबे को पहले से सूचना दी गई थी, जिसके चलते वह पूरी तैयारी से पुलिस टीम का इंतजार कर रहा था। सीबीआइ जांच होने से सब बातें साफ हो पाएंगी। इस पर कांग्रेस नेताओं ने उन्हे लखनऊ जाकर सीबीआइ जांच की मांग उठाने का आश्वासन दिया।