विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर से दिल्ली के लिए नई रात की ट्रेन शुरू, अब सुबह पहुंचें आनंद विहार, 31 को चलेगी वंदेभारत स्लीपर 

Published: Wed, 28 Oct 2026 06:20 AM (IST)

रेलवे बोर्ड ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस को मंजूरी दे दी है, जो ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कानपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस को रेलवे बोर्ड की मंजूरी।

  2. रात 8:40 बजे कानपुर से चलकर सुबह दिल्ली।

  3. रोजाना चलेगी, यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर सेंट्रल से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड ने मंगलवार को कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच कानपुर एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। ट्रेन के संचालन से यात्रियों को रात में सफर कर सुबह दिल्ली पहुंचने का विकल्प मिलेगा। खासकर नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और सुबह दिल्ली पहुंचने की जरूरत वाले यात्रियों को इसका लाभ मिल सकेगा।


रेलवे की ओर से स्वीकृत ट्रेन संख्या 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार टर्मिनल रोजाना चलेगी। ट्रेन संख्या 14153 कानपुर सेंट्रल से रात 8:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार टर्मिनल से रात 11:25 बजे चलकर सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।


करीब 428 किलोमीटर के इस रेल मार्ग पर ट्रेन फंफूद 9.40 बजे, इटावा रात 10.38 बजे, टूंडला रात 12.15 बजे, हाथरस रात 12.45 बजे, अलीगढ़ में रात 1.33 बजे पहुंचेगी। इसी तरह ये ट्रेन खुर्जा 2.05 बजे, दादरी रात 2.50 बजे, गाजियाबाद सुबह 3.56 बजे होते हुए आनंदविहार 4.50 बजे पहुंचेगी। नई ट्रेन से कानपुर और दिल्ली के बीच रेल संपर्क मजबूत होने के साथ ही यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और नियमित ट्रेनों में सीटों की मारामारी के बीच भी इस सेवा से राहत मिलने की उम्मीद है।

31 को चलेगी वंदेभारत स्लीपर ट्रेन, होगा भव्य स्वागत

31 अक्टूबर को वाराणसी से दिल्ली के लिए वंदेभारत स्लीपर की शुरुआत होगी। वाराणसी में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। दूसरी ओर कानपुर सेंट्रल पर इस ट्रेन के भव्य स्वागत व कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। सेंट्रल स्टेशन के डायरेक्टर अकांशु गोविल ने बताया कि यहां पर आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के तौर पर रहेंगे। साथ ही कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, सांसद देवेंद्र सिंह भोले व अन्य विधायक भी इस कार्यक्रम में रहेंगे।