कानपुर के दीपेंद्र सिंह भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में, श्रीलंका से भिड़ंत
कानपुर के दिव्यांग क्रिकेटर दीपेंद्र सिंह का चयन भारत बनाम श्रीलंका वीबीएल क्रिकेट ट्रॉफी 2026 के लिए भारतीय टीम में ...और पढ़ें

विकेटकीपर बल्लेबाज दीपेंद्र। जागरण
HighLights
चेन्नई में 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक भारत बनाम श्रीलंका होने वाली क्रिकेट ट्राफी में खेलेंगे प्रदेश के चार दिव्यांग क्रिकेटर
कानपुर के दीपेंद्र के साथ अयोध्या के राधिका प्रसाद, गाजियाबाद के शेखर चौधरी व बदायूं के विंटू यादव टीम में हुए चयनित
अंकुश शुक्ल, कानपुर। भारत बनाम श्रीलंका के बीच 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक चेन्नई में वीबीएल क्रिकेट ट्राफी 2026 के मुकाबले खेले जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट शृंखला के लिए घोषित हुई भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में शहर के विकेटकीपर बल्लेबाज दीपेंद्र सिंह का चयन हुआ है। दीपेंद्र के साथ भारतीय टीम में अयोध्या के राधिका प्रसाद, गाजियाबाद के शेखर चौधरी व बदायूं के विंटू यादव टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं। भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के साथ जम्मू-कश्मीर, मुंबई, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, चंडीगढ़, बंगाल व राजस्थान के खिलाड़ियों का भी चयन हुआ है।
भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में जगह बनाने वाले दीपेंद्र का बल्ला पिछले दिनों शहर की मेजबानी में संपन्न हुई दिव्यांग यूपी टी-20 लीग में खूब गरजा। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज धौनी को आदर्श मानने वाले दीपेंद्र कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अमर क्लब से भी लंबे समय से जुड़े हैं।
उत्तर प्रदेश डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन के राहुल सिंह ने बताया कि नौबस्ता हंसपुरम निवासी 25 वर्षीय दीपेंद्र सिंह पैर से जन्मजात दिव्यांग हैं। सिक्योरिटी गार्ड पिता वीरेंद्र सिंह के संघर्ष को पहचान देने के लिए दीपेंद्र ने 2014-15 में क्रिकेट खेलना शुरू किया। क्राइस्टचर्च मैदान में दाएं हाथ के बल्लेबाज दीपेंद्र हर दिन कड़ा अभ्यास कर इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
दीपेंद्र ने बताया कि स्वर्गीय कोच अशोक मिश्रा ने मेरे बल्लेबाजी स्किल और विकेटकीपिंग स्किल को संवारा। उनके प्रयास के चलते ही आज मुझे पहचान मिली है। अब वैश्विक क्रिकेट में खेलने का मौका मिला है। विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी में योगदान देकर टीम को श्रीलंका पर जीत दिलाने का प्रयास रहेगा।बल्लेबाजी स्किल को बेहतर करने के लिए कड़ा अभ्यास कर रहा हूं। दीपेंद्र के भारतीय टीम में चयन पर कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्यों ने खुशी जाहिर की।
दीपेंद्र की उपलब्धियां :
- वर्ष 2024 अक्टूबर में उदयपुर में हुई नेशनल क्रिकेट में उप्र की खेला और तीन लगातार अर्धशतक लगा चुके।
- वर्ष 2024 में जयपुर में हुई चैलेंजर ट्राफी में खेलने वाले शहर के एकमात्र दिव्यांग खिलाड़ी बने।
- वर्ष 2025 जनवरी में श्रीलंका में हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम से खेला।
- बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलते हुए अटल कप में खेलने वाले दिव्यांग खिलाड़ी बने।
- दीपेंद्र दिव्यांग क्रिकेट में 12 अर्धशतक लगा चुके हैं।
- यूपी दिव्यांग टी-20 लीग के तीसरे सीजन में दीपेंद्र सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शुमार रहे।
