विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदहाल कानपुर पर बिफरे पार्षद, गंदे पानी में लेटकर किया प्रदर्शन, आरोप- अधिकारी बदहाली सुनते नहीं

Published: Fri, 04 Sep 2026 07:26 PM (IST)

कानपुर के बाबूपुरवा स्थित भीकम सिंह पार्क की बदहाली और जलभराव को लेकर पार्षद मेराज ने गंदे पानी में लेटकर ...और पढ़ें

पानी में लेटकर विरोध जताते पार्षद मेराज। जागरण

पानी में लेटकर विरोध जताते पार्षद मेराज। जागरण

HighLights

  1. पार्षद मेराज ने भीकम सिंह पार्क की बदहाली पर प्रदर्शन किया।

  2. गंदे पानी में लेटकर अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई।

  3. अवर अभियंता के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।

जागरण संवाददाता, कानपुर। नगर निगम जोन-तीन के वार्ड-105 बाबूपुरवा स्थित भीकम सिंह पार्क की बदहाली को लेकर पार्षद मेराज ने शुक्रवार को अनोखा प्रदर्शन किया। पार्क में भरे गंदे पानी में लेटकर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। पार्षद का आरोप था कि कई बार शिकायत और अधिकारियों को पत्र देने के बावजूद पार्क की समस्या का समाधान नहीं कराया गया।

पार्षद मेराज ने बताया कि भीकम सिंह पार्क लंबे समय से बदहाली का शिकार है। पार्क में जलभराव के कारण गंदा पानी भरा हुआ है। इससे आसपास के लोगों और पार्क में आने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई।

अधिकारियों को लिखित पत्र भी दिए गए, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर पार्षद ने मजबूरन गंदे पानी में लेटकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि जब तक अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का निरीक्षण नहीं करेंगे और समाधान का ठोस आश्वासन नहीं देंगे, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे।

प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर जोन-तीन कार्यालय के अवर अभियंता सिद्धार्थ सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्क की स्थिति का निरीक्षण किया और दो-तीन दिन में काम शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पार्षद ने प्रदर्शन खत्म कर दिया।