विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में मतांतरण का बड़ा मामला: छात्रा को बुर्का पहनाकर फोटो खींची, विरोध पर परिवार को पीटा, 10 पर FIR, दारोगा निलंबित

Published: Tue, 08 Sep 2026 02:57 PM (IST)

कानपुर में मतांतरण के दो मामले सामने आए हैं, जहां गुजैनी में परिवार को पीटा गया और रावतपुर में एक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मतांतरण के प्रयास के मामले में घेरा थाना, दारोगा निलंबित और चौकी इंचार्ज हटे

  2. दोनों मामलों में 10 आरोपितों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमा, एक गिरफ्तार और चार हिरासत में

  3. बर्रा आठ रामगोपाल कच्ची बस्ती में मतांतरण से इन्कार करने पर परिवार को पीटा, विरोध में हंगामा

जागरण टीम, कानपुर। गुजैनी और रावतपुर में मतांतरण से जुड़े दो मामले सामने आए हैं। गुजैनी में मतांतरण से इन्कार पर परिवार को पीटा गया। रावतपुर में युवती का आरोप है कि दोस्त ने बुर्का पहनाकर तस्वीर खींची और मतांतरण का दबाव बनाया। दोनों मामलों में 10 लोगों पर केस दर्ज किया गया। लापरवाही पर दारोगा निलंबित और चौकी इंचार्ज हटाए गए।

मूलरूप से जालौन निवासी चालक सोनू करीब दो वर्ष से पत्नी रीता व बेटे विशाल के साथ गुजैनी कच्ची बस्ती में रहते हैं। रीता ने बताया कि पड़ोसी काफी समय से परिवार पर मतांतरण का दबाव बना रहे थे। घर के पास धार्मिक स्थल का निर्माण शुरू करने के विरोध में सोमवार रात विवाद कर मतांतरण का दबाव डाला। आरोप है कि इन्कार करने पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। आरोप है कि चौकी प्रभारी राम मनोहर पटेल ने कार्रवाई की धमकी देकर उन पर ही समझौते का दबाव बनाया।

08KNC_42_08092026_505.JPG

मतांतरण के मामले में गुजैनी चौकी के बाहर हंगामा कर रहे स्वजन को समझाते पुलिस कर्मी। इंटरनेट मीडिया

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर शमीम खान, शीबू, सोहेल खान, फुरकान, फारुख समेत आठ नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपित शीबू को गिरफ्तार कर नामजद चार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। थाने के नाइट अफसर दारोगा अवधेश को निलंबित किया गया है, जबकि चौकी प्रभारी राम मनोहर पटेल को हटा दिया गया है।

उधर, रावतपुर के आदर्शनगर नई बस्ती की निवासी बीबीए की छात्रा ने बताया कि उसके घर के सामने रहने वाली गैर समुदाय की महिला रूबी खान के घर हाफिज तौफीक अरबी पढ़ाने आता है। आरोप है कि रूबी ने तौफीक से उसकी दोस्ती करा दी। इसके बाद वह दो बार तौफीक के साथ रेस्टोरेंट में चाय पीने गई। तब आरोपित ने दोस्ती का हवाला देकर उसे बुर्का पहना तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद दोनों उसपर मतांतरण का दबाव बनाने लगे। इन्कार पर आरोपित जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पीड़िता ने मेडिकल कराने से इन्कार किया है व बयान दिए हैं। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

घर में मजार बनवा लो...समस्याएं दूर हो जाएंगी

गुजैनी के रामगोपाल चौराहा के पास स्थित वरुण विहार कच्ची बस्ती में मतांतरण के विरोध में परिवार से मारपीट का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पीड़ित सोनू जाटव ने डीसीपी दक्षिण से शिकायत कर आरोप लगाया कि अपनी परेशानी का जिक्र करने पर आरोपितों ने कहा कि घर में मजार बनवा लो...समस्याएं दूर हो जाएंगी। बाद में उस पर जबरन नमाज पढ़ने और पत्नी पर बुर्का पहनने को कहा और मतांतरण का दबाव बनाया गया। विरोध करने और घर से मजार हटाने की बात कहने पर आरोपितों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की।

दो साल पहले जालौन से यहां रहने आया सोनू

सोनू जाटव ने बताया कि वह जालौन के शेखूपुर गुढ़ा गांव से करीब दो वर्ष पहले परिवार के साथ वरुण विहार कच्ची बस्ती में रहने आया था। उसके परिवार में पत्नी रीता, दो बेटे विशाल व राजा और बेटी परी हैं। बच्चों के लगातार बीमार रहने से परेशान होने के कारण वह यहां रहने आ गया था। इसी दौरान बस्ती में रहने वाले शमीम और उसके परिवार से उनकी नजदीकियां हो गई। आरोप है कि बार-बार दबाव डालने के बाद उसने इच्छा के विरुद्ध घर के अंदर बने मंदिर के बगल में मजार बनवाई। आरोपित उस पर जबरन नमाज पढ़ने और पत्नी पर बुर्का पहनने का दबाव बनाने लगे। इतना ही नहीं, उसके घर में आकर धार्मिक गतिविधियां कर परेशान किया जाने लगा। घटना के बाद बस्ती में तनाव को लेकर फोर्स तैनात है।

प्रारंभिक जांच में दीवार बनाने को लेकर विवाद और मारपीट की बात सामने आई थी। पीड़ित ने मतांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाया है, जिसकी जांच कराई जा रही है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी की गई है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आरोपितों को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
-दीपेंद्र नाथ चौधरी, डीसीपी दक्षिण


कार्रवाई से गिरफ्तारी तक की मांग को लेकर कई बार घेरा थाना

मतांतरण के विरोध में पूरे परिवार के साथ मारपीट के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार रात से मंगलवार शाम तक भाजपा समेत विभिन्न संगठन के कार्यकर्ताओं ने कई बार गुजैनी थाने का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने डीसीपी दक्षिण कार्यालय पहुंचकर पुलिस पर लापरवाही बरतने और आरोपितों के खिलाफ हल्की धाराओं में कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह परिहार, सत्येंद्र द्विवेदी, विश्व हिंदू परिषद के रवि मिश्रा, बउवा दुबे, दीपू और हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक मयंक त्रिपाठी, सौरभ शर्मा, ओजस उपाध्याय, हर्ष उपाध्याय, अमित शर्मा, विशाल बजरंगी, विकास शुक्ला, चेतन सोनी, आयुष गौतम, आर्यन मिश्रा, केसु पासवान, प्रेम निषाद और संदीप त्रिपाठी समेत तमाम कार्यकर्ता पहुंचे।

पांच साल पहले भी मतांतरण को लेकर मचा था बवाल

रामगोपाल चौराहा स्थित कच्ची बस्ती में मतांतरण के आरोप को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। करीब पांच साल पहले वर्ष 2021 में भी मतांतरण के आरोपों को लेकर क्षेत्र में बवाल हुआ था। उस समय भी पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। 11 अगस्त 2021 को मतांतरण कराने का आरोप लगाकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं पर रिक्शा चालक असरफ अहमद से मारपीट का आरोप लगा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जिसके विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने डीसीपी दक्षिण कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया था।

आक्रोशित परिवार ने घर में बनी मजार तोड़ी

गुजैनी के रामगोपाल चौराहा के पास वरुण विहार कच्ची बस्ती में मारपीट की घटना के बाद आक्रोशित परिवार ने घर में बनी मजार को तोड़ दिया। परिवार के लोगों का आरोप है कि घर में उनकी मर्जी के बगैर मजार बनवाई गई थी। मामले को लेकर परिवार ने पुलिस से शिकायत कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

आरोपों के साथ बार-बार बदलती रही तहरीर

गुजैनी में मतांतरण के लिए दबाव बनाने के आरोपों को लेकर सोमवार रात से मंगलवार तक पीड़ित पक्ष की ओर से भी आरोपों के साथ तहरीर बदली जाती रही। सोमवार रात करीब आठ बजे मारपीट के बाद सोनू की पत्नी रीता ने पुलिस से दीवार बनाने के विवाद में मारपीट की शिकायत की थी। देर रात हंगामे के बाद पीड़ित पक्ष ने मतांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए नई तहरीर दी। इधर, पुलिस ने पहली तहरीर के आधार पर दीवार बनाने के विवाद में मारपीट की धाराओं में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसकी जानकारी पर भाजपा समेत अन्य संगठन के कार्यकर्ताओं ने फिर थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने आरोपों के आधार पर धाराएं बढ़ाकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कार्यकर्ता शांत हुए।

यह भी पढ़ें- प्यार, पंचायत और पुलिस...Kanpur में दोगुनी उम्र की शादीशुदा प्रेमिका से इश्क पड़ा भारी, बंधक बना दो दिन जमकर पीटा गया