विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेना के सहयोग से मजबूत होगा कानपुर का सिविल डिफेंस, साइबर युद्ध से निपटने की भी मिलेगी ट्रेनिंग

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:09 PM (GMT+05:30)

कानपुर का नागरिक सुरक्षा तंत्र सेना के सहयोग से मजबूत किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवकों को आधुनिक युद्ध और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण मिलेगा। 

मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर बैठक करते प्रशासन और सेना के अधिकारी। सूचना विभाग

मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर बैठक करते प्रशासन और सेना के अधिकारी। सूचना विभाग

HighLights

  1. सेना के सहयोग से कानपुर सिविल डिफेंस होगा मजबूत।

  2. स्वयंसेवकों को आधुनिक युद्ध, साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण।

  3. आपदा प्रबंधन, बचाव कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और आधुनिक युद्ध की चुनौतियों को देखते हुए कानपुर के नागरिक सुरक्षा तंत्र को सेना के सहयोग से और मजबूत किया जाएगा। शहर की औद्योगिक व सामरिक जरूरतों के अनुरूप विशेष कार्ययोजना तैयार होगी, जबकि सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को हाइब्रिड वारफेयर, साइबर व सूचना युद्ध, आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू आपरेशन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि सेना के विशेषज्ञ स्वयंसेवकों को क्षतिग्रस्त भवनों के मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, खोज एवं बचाव अभियान, प्राथमिक उपचार, राहत कार्यों के समन्वय और आपातकालीन प्रतिक्रिया का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही साइबर हमलों और भ्रामक सूचनाओं से निपटने के तरीकों पर भी विशेष प्रशिक्षण नवंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में 22 नवंबर को आजाद नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कालेज में होने वाली नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। सेना के सहयोग से होने वाले इस अभ्यास में सायरन और ब्लैकआउट के जरिए आपातकालीन प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का परीक्षण किया जाएगा।बैठक में असम रेजिमेंट के कर्नल शिवेंद्र तिवारी, मेजर मोहित, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा ममता रानी, राजीव सिंह समेत सिविल डिफेंस और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।