विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kanpur News: आपरेशन महाकाल का दूसरा चरण, पहले में भूमाफियाओं के खिलाफ 127 शिकायतें आईं, सबसे ज्यादा दक्षिण से

By ankur Srivastava Edited By: Anurag Shukla1
Published: Tue, 19 Aug 2025 07:06 PM (IST)

कानपुर पुलिस ने आपरेशन महाकाल का दूसरा चरण शुरू कर दिया है जिससे भूमाफियाओं में डर का माहौल है। पहले ...और पढ़ें

आपरेशन महाकाल का दूसरे चरण का टीजर लांच।
आपरेशन महाकाल का दूसरे चरण का टीजर लांच।

HighLights

  1. अभियान के शुरू होते ही अखिलेश दुबे और लवी मिश्रा की हुई थी गिरफ्तारी
  2. अब तक कानपुर कमिश्नरेट के चारो जोनों के क्षेत्र से आ चुकी 127 शिकायतें

जागरण संवाददाता, कानपुर। आपरेशन महाकाल का पहला चरण समाप्त कर कमिश्नरेट पुलिस ने दूसरे चरण की शुरूआत कर दी है। इसके लिए मंगलवार को आपरेशन महाकाल के दूसरे चरण का टीजर भी लांच किया। टीजर लांच होते ही एक बार फिर भूमाफियाओं व अपराधियों की धड़कनें तेज हो गईं। अपराधियों में गिरफ्तारी का खौफ भरा हुआ है। हालांकि पहले चरण में ही शहर के चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे और उसके दो साथी को पुलिस जेल भी भेज चुकी है।

वहीं, अब तक चारो जोन के क्षेत्रों से 127 शिकायतें आ चुकी हैं, जिसकी जांच नियुक्त पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। इसके बाद आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होगी। आपरेशन महाकाल अभियान उनके खिलाफ शुरू किया गया है, जो सरकारी और निजी जमीन व भवन पर कानून का भय दिखाकर अपने आर्थिक लाभ के लिए कब्जा कर रहे हैं। अभियान दो चरणों में होना है।

इसमें पहले चरण में निजी और सरकारी जमीन व भवन कब्जाने वाले भूमाफिया व वसूलीबाज गिरोह में शामिल सफेदपोश, पुलिस, केडीए, नगर निगम, राजस्व विभाग, राजिस्ट्री, ट्रांसपोर्टर समेत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को चिह्नित किया जाएगा। पांच अगस्त से अभियान का शुभारंभ हुआ। गोपनीय शिकायतों के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने एक वाट्सएप नंबर भी जारी किया था।

इस अभियान के शुरू होने के बाद पहली कार्रवाई चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे व उसके गैंग के विमल यादव, अभिषेक बाजपेई, शैलेंद्र यादव उर्फ टोनू, लवी मिश्रा व अन्य के खिलाफ हुई। भाजपा नेता रवि सतीजा ने छह अगस्त को आरोपितों पर 50 लाख की रंगदारी मांगने व झूठा मुकदमा दर्ज कराने समेत धाराओं में मुकदमा कराया। सात को अखिलेश दुबे, लवी मिश्रा को गिरफ्तार जेल भेजा गया। और उसके बाद रविवार को शैलेंद्र को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस आयुक्त के स्टाफ आफिसर राजेश पांडेय ने बताया कि पहला चरण पांच अगस्त से 15 अगस्त तक था, जिसमें शिकायतों को संकलित कर उनकी समीक्षा कर सूची तैयार करना था। पहला चरण समाप्त हो गया। अब आपरेशन महाकाल का दूसरा चरण शुरू हुआ, जिसका भी एक टीजर मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर लांच किया गया। दूसरे चरण में सभी शिकायतों की जांच और अपराधियों के गिरोह की संलिप्तता पाए जाने पर कार्रवाई होनी है।

आपरेशन महाकाल में आई शिकायतें:

  • पूर्वी जोन: 30
  • पश्चिम जोन: 29
  • दक्षिण जोन: 47
  • सेंट्रल जोन: 18
  • इसके अलावा तीन अन्य शिकायतें आई हैं, जिसमें जोन का जिक्र नहीं है।

यह भी पढ़ें- पेंशनर के लिए काम की खबर, आनलाइन दे सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र, जानें क्या है ELI Scheme