चौबेपुर हत्याकांड पर कांग्रेस की सियासत शुरू, प्रदेश कमेटी की महिला प्रवक्ता ने दिया था शव काे कंधा
चौबेपुर में चुनावी रंजिश के चलते क्षेत्रीय दबंगों ने युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी। घर में तोड़ फोड़ की और महिलाओं से भी अभद्रता की। दबंगों को क्षेत्रीय पुलिस का भी सपोर्ट था। नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी को यह मुद्दा मिल गया।
कानपुर, जेएनएन। कांग्रेस अब चुनावी मोड में है। प्रदेश हो या जिला, कार्यकर्ता हर मुद्दे को भुनाना चाहते हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के कदमों पर अब जिला प्रभारी भी चलने लगे हैं। चौबेपुर के पनऊपुरवा गांव में राजनीतिक रंजिश के चलते हुई हत्या को भी नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने भुना लिया। पीड़ित परिवार से कार्यकर्ता मिले, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों से लिखित में परिवार को मदद देने का आश्वासन दिलाया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला प्रवक्ता ने खुद शव को कंधा दिया।
चौबेपुर में चुनावी रंजिश के चलते क्षेत्रीय दबंगों ने युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी। घर में तोड़ फोड़ की और महिलाओं से भी अभद्रता की। दबंगों को क्षेत्रीय पुलिस का भी सपोर्ट था। नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी को यह मुद्दा मिल गया। नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अमित पांडेय प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता ऊषा रानी कोरी और अन्य समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंच गए। पुलिस मृतक का अंतिम संस्कार कराना चाहती थी ऐसे में कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस का विरोध किया और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अफसरों से मुआवजा और दोषी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी करने की मांग पर अड़ गए। प्रशासनिक अफसर पीड़ित परिवार की मौखिक सभी शर्तें पूरी करने को तैयार थे लेकिन कांग्रेस के पदाधिकारी लिखित में आश्वासन चाहते थे। दबाव बढ़ा तो प्रशासनिक अफसरों ने लिखित आश्वासन भी दे दिया।इसके बाद बारी थी लोगों से भावनात्मक रूप से जुड़ने की। कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने परिवार की सहमति से शवयात्रा प्रारंभ की।महिला होने के बावजूद प्रवक्ता ऊषारानी कोरी ने शव को कंधा दिया।कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा किए गए इस कार्य की गांव में खूब चर्चा रही। पदाधिकारी भी यही चाहते थे क्योंकि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में वह कोई भी कमी नहीं छोड़ना चाहते हैं।