कानपुर में कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाया, क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 43.73 लाख रुपये ठगे
साइबर ठगों ने कानपुर के एक हर्बल टी कारोबारी को फेसबुक पर हनीट्रैप में फंसाया और क्रिप्टो ट्रेडिंग में बड़े मुनाफे का लालच देकर 43.73 लाख रुपये ठग लिए।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
फेसबुक पर दोस्ती कर कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाया गया।
क्रिप्टो ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगे 43.73 लाख।
आयकर के नाम पर 27.79 लाख और मांगे गए।
जागरण संवाददाता, कानपुर। साइबर ठगों ने फेसबुक के जरिए दोस्ती कर हर्बल टी कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाया और क्रिप्टो ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 43.73 लाख रुपये ठग लिए।
मुनाफे की रकम निकालने के लिए इनकम टैक्स के नाम पर 27.79 लाख रुपये और मांगे गए। लगातार रकम मांगने पर कारोबारी को ठगी का पता चला। उनकी शिकायत पर साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
महाराजपुर के शेखपुर निवासी शिवराज निषाद हर्बल टी का कारोबार करते हैं। उनके मुताबिक, 14 जुलाई को फेसबुक पर उनकी दोस्ती संध्या अरोड़ा नाम की युवती से हुई।
युवती ने हर्बल टी कारोबार की जानकारी ली और उनका वाट्सएप नंबर लेकर बातचीत शुरू की। आरोप है कि 27 जुलाई को उसने शिवराज को क्रिप्टो ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा। इसमें तीन मलेशियाई और तीन भारतीय नंबर भी थे।
शुरुआत में उनसे 10 हजार रुपये निवेश कराए गए और 2668 रुपये का लाभ दिखाया गया। इसके बाद उन्होंने 30 हजार रुपये लगाए। आरोपितों ने लाभ पर 30 प्रतिशत कमीशन देने का अनुबंध कराया। पहले तीन दिन और फिर सात दिन का ट्रेडिंग अनुबंध बनाया गया। शर्त थी कि सात दिन की ट्रेडिंग और रोज के लाभ पर 30 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही रकम निकाली जा सकेगी।
शिवराज के अनुसार, उन्होंने 33 अलग-अलग बैंक खातों में कुल 43.73 लाख रुपये भेजे। सभी शर्तें पूरी करने के बाद रकम निकालने की कोशिश की तो उनसे 27.79 लाख रुपये और मांगे गए। इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत की। साइबर थाना प्रभारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।