ड्रग्स की लत लगाकर दो साल तक होटल में रखा बंधक, यूपी में कारोबारी की 140 करोड़ की संपत्ति हड़पी
कानपुर में एक कारोबारी को नशे की लत लगाकर दो साल तक बंधक बनाया गया और उनकी 140 करोड़ की दो संपत्तियां मात्र 6.03 करोड़ में हड़प ली गईं।

कारोबारी की संपत्ति हड़पने वाला गिरफ्तार।
HighLights
कारोबारी को नशे की लत लगाकर दो साल तक बंधक बनाया गया।
140 करोड़ की दो संपत्तियां 6.03 करोड़ में हड़पी गईं।
बिल्डर अनूप अस्थाना समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए।
जागरण संवाददाता, कानपुर। पारिवारिक विवाद का फायदा उठाकर एक गिरोह ने षड्यंत्र रचकर कारोबारी की 140 करोड़ की दो संपत्तियां मात्र 6.03 करोड़ में अपने नाम करा लीं।
आरोपितों ने पहले कारोबारी को नशे की लत लगाई, फिर कार से अगवा कर दो साल तक होटलों व कार्यालय में बंधक बनाकर रखा। पूर्व में दर्ज एक मुकदमे में पीड़ित को ही आरोपित बनाया गया था, लेकिन उसके पुलिस के सामने आने पर साजिश का राजफाश हुआ।
पीड़ित की तहरीर पर स्वरूप नगर थाने में बिल्डर अनूप अस्थाना, उसके बेटे सुयश अस्थाना, मेडिकल स्टोर संचालक श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा व बृजेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर सहित चार नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास, अपहरण समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। फजलगंज के राधाकुंज निवासी कारोबारी प्रणव पत सिंघानिया के अनुसार, स्वरूप नगर निवासी सुयश अस्थाना से वर्ष 2020 में उनकी दोस्ती हुई थी।
सुयश ने गांजे का नशा कराकर उनकी संपत्तियों की जानकारी ले ली। पारिवारिक विवाद पर सुयश ने कहा कि उसके पिता बिल्डर अनूप अस्थाना हैं, जो उन्हें फायदा करवा देंगे। मई 2024 में एक रात सुयश उन्हें जलकल कार्यालय के सामने मिला।
यह भी पढ़ें- अंबाला में क्रिप्टो निवेश के झांसे में फंसाकर 6 महिलाओं से ठगी, 70 लाख रुपये का लगाया चूना
कुछ देर में होंडा एकार्ड कार आई, जिसमें अनूप अस्थाना और मेडिकल स्टोर संचालक श्रीराम उर्फ रमित मिश्रा बैठे थे। वह दोनों भी कार में बैठ गए। कार में अनूप व रमित गालीगलौज कर संपत्ति नाम करने की धमकी देने लगे। विरोध पर रमित ने शीशी से नशीला पदार्थ रुमाल में डालकर मुंह पर लगा दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। होश आने पर उन्होंने खुद को सुयश के स्वरूप नगर स्थित आफिस में पाया, जहां पहुंचे बृजेंद्र नाथ मिश्रा उर्फ बेबी बिल्डर ने लात-घूंसों से पीटा।
इसके बाद आरोपित ड्रग्स के इंजेक्शन देकर उन्हें अर्धबेहोश रखने लगे। आरोपितों ने जुलाई से अगस्त 2024 तक स्वरूप नगर स्थित होटल रायल क्लिफ में और अगस्त 2024 से जुलाई 2026 तक होटल रीजेंटा में बंधक रखकर ड्रग्स के ओवरडोज इंजेक्शन दिए। आरोपितों ने आफिस में रजिस्ट्रार को बुलाया।
रजिस्ट्रार की आपत्ति पर तबीयत खराब बताकर कई कागजों पर हस्ताक्षर व अंगूठे लगवा लिए। इसके जरिए राधाकुंज स्थित 17 हजार वर्ग गज में एक चौथाई हिस्से की करीब 40 करोड़ कीमत की संपत्ति मात्र छह करोड़ में अपने नाम करा ली।
आरोपितों ने उनके खाते में ढाई करोड़ रुपये भेजे, जिसमें से सुयश ने 1.98 करोड़ अपने खाते में और बाकी रकम अनूप के खाते में ट्रांसफर करा ली। होटल रीजेंटा के नाम पर पांच लाख रुपये उसी खाते से दिए गए। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि सुयश, श्रीराम व बृजेंद्र नाथ को जेल भेजा गया है। बिना पहचान होटल में रखने पर संचालकों के खिलाफ भी जांच होगी।
बिना आइडी के तो किसी को भी होटल नहीं दिया जाता है। अगर अनूप अस्थाना ने होटल का रूम बुक कराया होगा तो उनकी आइडी लगी होगी। अभी वह ये नहीं बता सकते कि कब से कब तक किसने रूम बुक कराए हैं।
-रिंकू सेठी, संचालक रीजेंटा होटल
तीन-चार दिन पहले पुलिस भी आई थी। इसी मामले में जानकारी कर रही थी। उन्हें होटल के बिल आदि दस्तावेज दिखाए गए हैं। अनूप अस्थाना ने बुक कराया था, पर बिना आइडी के या बंधक बनाने जैसी बात गलत है। ऐसा कुछ नहीं हुआ है।
-हरदीप सिंह मक्कर, रायलक्लिप होटल के डायरेक्टर
