विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंबाला में क्रिप्टो निवेश के झांसे में फंसाकर 6 महिलाओं से ठगी, 70 लाख रुपये का लगाया चूना

Published: Tue, 27 Oct 2026 04:18 PM (IST)

साहा में क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति ने छह महिलाओं से 70 लाख रुपये की ठगी ...और पढ़ें

क्रिप्टो में निवेश के नाम पर छह महिलाओं से 70 लाख की ठगी।

क्रिप्टो में निवेश के नाम पर छह महिलाओं से 70 लाख की ठगी।

HighLights

  1. क्रिप्टो निवेश के नाम पर 70 लाख की ठगी।

  2. छह महिलाओं को झांसा देकर लूटा गया।

  3. आरोपी जतिंदर पर पुलिस ने केस दर्ज किया।

संवाद सहयोगी, साहा। थाना साहा पुलिस के पास एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें शातिर ने क्रिप्टो करंसी में निवेश और मोटे मुनाफे का झांसा देकर करीब छह महिलाओं से 70 लाख रुपये की ठगी कर ली है। इसी संबंध में महिला राजदुलारी निवासी निवासी गांव समलहेड़ी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू की है। इस बारे में महिला ने एसपी अंबाला को शिकायत दी थी, जिसके बाद कार्रवाई शुरू हुई है।

राजदुलारी ने बताया कि आरोपित जतिंद्र उनके ही गांव का रहने वाला है और दोनों परिवारों के बीच घरेलू आना-जाना है, जिसके चलते अच्छे संबंध थे। इसी जानपहचान का फायदा उठाकर आरोपित ने उन्हें क्रिप्टो करेंसी में निवेश करने पर भारी मुनाफे और हर महीने तगड़ा ब्याज मिलने का लालच दिया।

आरोपित की बातों में आकर शुरुआत में 5 जुलाई 2023 को 6 लाख रुपये नकद दिए। शुरुआत में आरोपित ने थोड़ा मुनाफा देकर पीड़िता का भरोसा पूरी तरह जीत लिया। इसी तरह फरवरी 2024 में आरोपित ने और अधिक मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर पीड़िता को उज्जीवन बैंक, साहा ब्रांच से 9.50 लाख रुपये का लोन लेने के लिए उकसाया, जिसे पीड़िता ने बैंक से कर्ज लेकर आरोपित को सौंप दिया।

इसके कुछ समय बाद अप्रैल 2024 में 5 लाख रुपये और मांगे, जिसके बाद पीड़िता ने अपने सगे-संबंधियों से पैसे उधार लेकर आरोपी को दे दिए। कुछ समय तक आरोपित ने 50-50 हजार रुपये की दो किश्तें दीं, लेकिन बाद में यह कहकर टालमटोल शुरू कर दी कि क्रिप्टो करेंसी की साइट बंद चल रही है।

पीड़िता जब कर्ज चुकाने का दबाव बनाने लगी, तो जून 2025 में आरोपित ने दोबारा फोन कर झांसा दिया कि कंपनी का काम फिर से शुरू हो गया है और जिन लोगों के 25 लाख रुपये तक जमा होंगे, उन्हें ही सबसे ज्यादा ब्याज और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। इस झांसे में आकर पीड़िता ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से एक और नया लोन लेकर 4.50 रुपये आरोपित के हवाले कर दिए। इस प्रकार कुल मिलाकर 25 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम आरोपित को दे दी गई।

अब जब आरोपित से रुपये वापस मांगे तो उसने यह रकम देने से ही मना कर दिया। यही नहीं धमकी दी कि यदि दबाव बनाया गया तो वह आत्महत्या कर लेगा और सुसाइड नोट में उनका नाम लिख देगा। महिला का कहना है कि आरोपित जतिंद्र ने इसी तरह गांव की 5-6 अन्य महिलाओं से भी करीब 60 से 70 लाख रुपये ठग रखे हैं, जिसके खिलाफ पहले भी थानों में शिकायतें दी जा चुकी हैं।