कानपुर में गंगा पुल बंद होने से रोडवेज बसों का रूट बदला, यात्रियों को देना होगा 10 रुपये अधिक किराया
कानपुर में जाजमऊ के पुराने गंगा पुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद होने से रोडवेज बसें अब सरैया क्रॉसिंग ...और पढ़ें

HighLights
जाजमऊ गंगा पुल बंद, रोडवेज बसों का रूट बदला।
सरैया क्रॉसिंग से गुजरेंगी बसें, 10 रुपये किराया बढ़ेगा।
नए रूट से कानपुर में तीन माह तक जाम बढ़ेगा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। जाजमऊ के पुराने गंगापुल पर भारी वाहनों का आवागमन बंद होने से रोडवेज की बसें सरैया क्रॉसिंग होकर निकलेंगी। इससे दूरी बढ़ने पर 10 रुपये प्रति व्यक्ति किराया भी बढ़ेगा।
क्षेत्रीय प्रबंधक महेश कुमार ने बताया कि गंगा पुल बंद होने की सूचना उन्हें अभी तक एनएचएआई की तरफ से नहीं मिली है। कानपुर से लखनऊ रोजाना करीब 300 बसों का आवागमन होता है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि शनिवार को डायवर्जन के संबंध में उन्नाव जिला प्रशासन के साथ बैठक होनी थी, जो नहीं हो पाई। फिलहाल, उन्होंने सरैया क्रॉसिंग होकर गुरुदेव नगर से झकरकटी बस अड्डे तक बसों के आवागमन को तय किया है।
उन्होंने बताया कि नए रूट पर बसों के संचालक को लेकर उन्नाव डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। दूसरी तरफ उन्नाव के एआरएम पंकज तिवारी ने बताया कि वह आजाद नगर चौराहे पर मौजूद हैं और बसों को गंगा बैराज की तरफ से निकलने में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि अभी मौके पर किसी तरह के जाम की स्थिति नहीं है।
उन्नाव डिपो के एआरएम पंकज तिवारी ने बताया कि उन्नाव जिला प्रशासन बक्सर मोड से चौडगरा होकर झकरकटी तक बसों के आवागमन को लेकर विचार कर रहा है, लेकिन यह 60 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी बढ़ने से जहां यात्री परेशान होंगे, वहीं किराया भी अधिक देना पड़ेगा, जो जनहित में संभव हो पाना मुश्किल है।
बक्सर होकर बसों आवागमन पर बढ़ेगी कठिनाई
- 87 किलोमीटर की दूरी कानपुर से लखनऊ की है।
- 60 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी बढ़ेगी बक्सर से बसों के आने पर।
- 147 किलोमीटर अधिक दूरी बसों को तय करनी होगी।
अब 3 महीने तक और अधिक शहर में लगेगा जाम
गंगा बैराज से झकरकटी को आने वाली बसों के चलते अब जीटी रोड पर जाम की समस्या और अधिक गहरा जाएगी। यह दिक्कत लगातार 3 महीने तक होगी, जब तक गंगा पुल की मरम्मत नहीं हो जाएगी। वैसे भी अभी तक गुरुदेव चौराहे से लेकर रावतपुर क्रॉसिंग, गोल चौराहा, जरीब चौकी, अफीम कोठी समेत झकरकटी तक लंबा जाम रहता है।
