विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनवरगंज-मंधना एलीवेटेड ट्रैक: रेलवे ने मांगी 1000 वर्गमीटर अतिरिक्त जमीन, जानें क्यों बढ़ गई प्रोजेक्ट की जरूरत

Published: Mon, 18 May 2026 10:00 PM (IST)

कानपुर में अनवरगंज-मंधना एलीवेटेड ट्रैक के निर्माण के लिए रेलवे ने 1000 वर्गमीटर अतिरिक्त जमीन की मांग की है, जिसका टेंडर 830.90 करोड़ रुपये में फाइनल हो चुका है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. 830.90 करोड़ में फाइनल हुआ एलीवेटेड ट्रैक का टेंडर, अब और जमीन की मांग

  2. एलीवेटेड ट्रैक बनने से जीटी रोड पर 17 क्रासिंगों जाम से मिलेगी राहत

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर की सबसे महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं में शामिल अनवरगंज-मंधना एलीवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण के लिए अब एक हजार वर्गमीटर अतिरिक्त जमीन की मांग की गई है। संयुक्त निरीक्षण के दौरान रेलवे इंजीनियरों ने परियोजना का निर्माण और तकनीकी जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता बताई है। जिसके बाद जिला प्रशासन ने शासन को पत्र भेजकर अतिरिक्त बजट की मांग की है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भूमि उपलब्ध होने के बाद कार्यदायी संस्था निर्माण कार्य शुरू करेगी।


पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से इस परियोजना का बीते सप्ताह टेंडर फाइनल किया जा चुका है। 1115.65 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली परियोजना का ठेका राजस्थान की इंफ्रा बिल्ड प्रोजेक्ट कंपनी को 830.90 करोड़ रुपये में दिया गया है। कंपनी ने प्रस्तावित बजट से 25.5 प्रतिशत कम दर पर सबसे कम बोली लगाई थी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद रेलवे अधिकारियों और प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थल निरीक्षण किया, जिसमें अतिरिक्त एक हजार वर्ग मीटर जमीन की मांग की गई है।

अब तक रेलवे को लगभग चार हजार वर्गमीटर भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है। जिसमें मंधना के बैरी अकबरपुर, जूहीखुर्द, गोसोमऊ, कल्याणपुर कला, बगदौधी बांगर और परगही बांगर गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जमीन अधिग्रहण पर करीब 36 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि रेलवे अधिकारियों की मांग को पूरा करने के लिए शासन से अतिरिक्त बजट की मांग भेजी गई है।

जीटी रोड में जाम से मिलेगी राहत

मंधना से अनवरगंज रेलवे स्टेशन तक करीब 15.51 किलोमीटर लंबे इस एलीवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था ठीक हो जाएगी। वर्तमान में अनवरगंज-मंधना रेलवे लाइन पर दिनभर में 66 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। रेलवे लाइन पर पड़ने वाली 17 क्रासिंगों के कारण शहर के कई हिस्सों में लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रहती है। एलीवेटेड ट्रैक बनने के बाद इन क्रासिंगों पर यातायात बाधित नहीं होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

2004 से लंबित थी परियोजना

यह परियोजना वर्ष 2004 से लंबित थी। रेलवे, राज्य सरकार और विभिन्न विभागों के बीच मंजूरी, सर्वे और बजट की प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अब परियोजना धरातल पर उतरी है। रेलवे अधिकारियों का दावा है कि निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पास एक नए रेलवे स्टेशन के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके साथ ही रावतपुर और कल्याणपुर रेलवे स्टेशनों को बंद करने की योजना है।


मंधना-अनवरगंज रेलवे ट्रैक के लिए एक हजार वर्ग मीटर अतिरिक्त जमीन की मांग की गई है। पीडब्ल्यूडी को पहले चार हजार वर्ग मीटर जमीन उपलब्ध कराना था, जिसमें 90 प्रतिशत जमीन रेलवे को उपलब्ध करा दी गई है। अतिरिक्त भूमि की मांग को लेकर प्रशासन को पत्र भेजने के साथ ही अतिरिक्त बजट की मांग की गई है।
अनूप कुमार मिश्र, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड

 

यह भी पढ़ें- CSJMU छात्रों को बड़ा झटका: हेल्थ साइंसेज के सभी पाठ्यक्रमों की फीस 25% तक बढ़ी; जानें अब किस कोर्स के लिए कितनी फीस

यह भी पढ़ें- कानपुर को 300 नई ई-बसों की सौगात: 28 सीटर एसी बसों से सुधरेगा शहर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट; जानें किन रूटों पर चलेंगी

यह भी पढ़ें- कानपुर में अचानक मोबाइल पर तेज बीप संग आया अलर्ट मैसेज; जानें क्या है मामला? तुरंत हो जाएं सावधान

यह भी पढ़ें- Weather Alert: कानपुर में अगले 48 घंटे भारी; Temp 43.2°C पार, मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी