दलहन और मिलेट्स समेत चार योजनाओं को मंजूरी, कानपुर में एग्रीजंक्शन के खुलेंगे 10 केंद्र
कानपुर में कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन सहित चार योजनाओं को मंजूरी मिली है, जिसके लिए कुल 2.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर। कृषि तकनीकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन की गवर्निंग बोर्ड बैठक में आत्मा योजना के तहत जिला कृषि कार्ययोजना के लिए 2.68 करोड़ की स्वीकृति दी गई।
साथ ही एग्रीजंक्शन के तहत 10 नए कृषि सेवा केंद्र खोलने पर सहमति बनी। इसके लिए लाभार्थियों का चयन भी हो गया है।
मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने पिछले साल की प्रगति की समीक्षा की और चालू वर्ष की जिला कार्ययोजनाओं को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं गो-आधारित कृषि से तैयार उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है।
ऐसे उत्पादों के विक्रय के लिए जिले में एक समर्पित विक्रय स्थल विकसित किया जाएगा, जहां किसान बिना किसी मध्यस्थ के अपने प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों का सीधे विक्रय कर सकेंगे।
इस मौके पर आत्मा योजना में कार्ययोजना का मंजूरी भी दी। इसमें किसानों के खेतों पर विभिन्न फसलों के प्रदर्शन, फार्म स्कूलों के माध्यम से प्रशिक्षण और किसानों भ्रमण कराया जाएगा। बैठक में डीएम ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत 83.10 लाख की कार्ययोजना स्वीकृत की है।
इससे क्लस्टर प्रदर्शन, प्रमाणित बीज वितरण, सूक्ष्म पोषक तत्व एवं एकीकृत कीट प्रबंधन, फसल आधारित प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और नवाचारों को बढ़ावा मिलेगा। इसी तरह मिशन फार आत्मनिर्भर इन पल्सेज के लिए भी 73.87 लाख और मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के लिए 8.40 लाख की कार्ययोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है।