सौर ऊर्जा में कानपुर का बड़ा धमाका, 53 हजार घरों पर लगे सोलर प्लांट; यूपी में हासिल किया तीसरा स्थान
कानपुर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 53,382 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर 172.06 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता विकसित की है।

HighLights
कानपुर में 53,382 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए गए।
जिले ने 172.06 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता विकसित की।
योजना क्रियान्वयन में कानपुर प्रदेश में तीसरे स्थान पर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जनपद ने रूफटाप सोलर स्थापना में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक 53,382 घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं।
इसके साथ ही कानपुर नगर में 172.06 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता विकसित हो गई है और योजना के क्रियान्वयन में जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। लाभार्थियों को अब तक 432.18 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी वितरित की जा चुकी है।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।
मौजूदा सत्र में जिले को 42,684 सोलर प्लांट स्थापना का लक्ष्य मिला है। अप्रैल से सितंबर तक छह माह में 21,342 प्लांट लगाने का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 25,035 प्लांट स्थापित किए गए। जिले ने छह माह के लक्ष्य का 117.3 प्रतिशत हासिल किया। योजना के तहत लगे सोलर प्लांट से अब तक अनुमानित 1,30,764 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आई है।
केंद्र और राज्य सरकार की ओर से घरेलू उपभोक्ताओं को अधिकतम 1.08 लाख रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है। इससे बिजली खर्च में कमी के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिल रहा है। बैठक में पीओ नेडा राकेश पांडेय ने योजना से संबंधित जानकारी दी।
