कानपुर में नशे में धुत कार चालक ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंदा, दोनों की मौत
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में परियर पुल पर देर रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो भाइयों ...और पढ़ें

बिठूर हादसा सुजीत व राहुल निषाद की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
बिठूर थानाक्षेत्र के परियर गंगापुल पर रविवार रात हुआ हादसा,रिश्तेदार भाई को उन्नाव छोड़ने जा रहा था युवक
स्वजन ने नशे में धुत कार सवारों पर जानबूझकर वाहन चढ़ाने का लगाया आरोप,पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर किया हंगामा
जागरण संवाददाता, कानपुर। बिठूर थानाक्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार भाइयों को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। स्वजन का आरोप है कि आरोपित कार सवार नशे की हालत में थे और उन्होंने जानबूझकर कार चढ़ाकर दोनों की हत्या कर दी।
युवक अपने रिश्तेदार भाई को छोड़ने उन्नाव के माढ़ापुर गांव जा रहा था। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पहुंचे युवक के स्वजन ने शव रखकर हंगामा किया। स्वजन पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा और खेत का पट्टा दिए जाने के साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी को मांग को लेकर शाम तक शव रखकर हंगामा करते रहे।
बवाल की सूचना पर सर्किल फोर्स मौके पर पहुंचा स्वजन को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन स्वजन मानने को तैयार नहीं हुए। सड़क जाम होने की वजह से पुलिस को डायवर्जन करना पड़ा जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। चार घंटे तक चले बवाल के बाद शाम छह बजे स्वजन ने अंतिम संस्कार किया।
बिठूर के बाकरगंज भिड़इया गांव निवासी गांव निवासी किसान राधेश्याम निषाद का 27 वर्षीय बेटा राहुल नगर निगम में आउटसोर्सिंग से आपरेटर के पद पर कार्यरत था। राहुल के परिवार में पत्नी सोनी और चार माह का बेटा आहान है। राहुल के दो छोटे भाई विकास,सचिन और मां बबली है।
स्वजन ने बताया कि रक्षाबंधन पर उन्नाव जनपद के सफीपुर के माढ़ापुर गांव में रहने वाला उसका दूर का रिश्तेदार 25 वर्षीय भाई सुजीत राखी बंधवाने आया था। रविवार रात राहुल अपने रिश्ते के भाई सुजीत निषाद को बाइक से उसके गांव छोड़ने जा रहा था। स्वजन के अनुसार दोनों परियर पुल के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पुल पर 50 मीटर तक घिसटती चली गई और क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में राहुल और सुजीत दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर जा गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पुलिस दोनों को पास के निजी अस्पताल ले गई जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सुजीत के बड़े भाई रंजीत ने बताया कि सुजीत होटल में वेटर का काम करता था। उसके परिवार में भाई मनजीत, शुभम और सुशील हैं। दोपहर दो बजे पोस्टमार्टम के बाद राहुल का शव लेकर पहुंचे स्वजन ने रमेल गांव के पूर्व प्रधान अशोक निषाद के नेतृत्व में गांव पहुंचकर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
करीब पौने दो घंटे तक चले हंगामे के बाद स्वजन रानी लक्ष्मीबाई चौराहे पर जा पहुंचे और चौतरफा जाम लगाकर हंगामा शुरु कर दिया। बवाल की सूचना पर एसीपी बिल्हौर अंकित कुमार,चौबेपुर,शिवराजपुर और बिठूर थानों का फोर्स पहुंचा। नायब तहसीलदार ने भी स्वजन को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने।
वह कार सवार आरोपितों की गिरफ्तार और पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा और खेत का पट्टा दिए जाने की मांग कर रहे थे। शाम करीब छह बजे तक चले हंगामे के चलते पुलिस को मंधना,ब्लूवर्ड और कोठारी चौराहे से डायवर्जन करना पड़ा जिससे राहगीरों को लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ा।
चार घंटे तक चले हंगामे के बाद स्वजन ने शाम छह बजे अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद स्वजन सुजीत का शव लेकर उन्नाव चले गए। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर पड़ोस गांव के आरोपित कार मालिक अन्नू निषाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
20 मिनट तक जाम में फंसी एंबुलेंस
मरीज को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस रानी लक्ष्मीबाई चौराहे पर जाम के चलते फंस गई लेकिन स्वजन उसे निकलने नहीं दे रहे थे। करीब 20 मिनट बाद पुलिस ने उसे मशक्कत करके निकलवाया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने एक एसयूवी कार को भी अपने कब्जे में लिया है।
