कानपुर में कारोबारी के बेटे की लैंबार्गिनी ने ऑटो व बुलेट को मारी टक्कर, तीन घायल; बाउंसरों की अभद्रता से हंगामा
कानपुर के भैरोघाट चौराहे पर एक तंबाकू कारोबारी के बेटे की लैंबार्गिनी कार ने ऑटो, बुलेट और एक पैदल यात्री ...और पढ़ें

इसी लैंबार्गिनी कार से हुआ था हादसा। जागरण
HighLights
पुलिस कार को ग्वालटोली थाने ले गई तो कारोबारी के बाउंसरों ने घायलों से की अभद्रता, हुआ हगांमा
कार के पीछे स्काट की तरह फार्च्युनर कार में चल रहे थे बाउंसर, कुछ दिल्ली पुलिस के सिपाही भी थे
जागरण संवाददाता, कानपुर। तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम की तेज रफ्तार लैंबार्गिनी कार आटो और बुलेट में टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर लगने से एक युवक उछलकर लगभग 10 मीटर दूर गिरा। बुलेट सवार ममेरे भाई भी घायल हुए हैं। भीड़ जुटी तो पीछे से फार्च्यूनर से आए बाउंसरों ने हटाया। उनके साथ दिल्ली पुलिस के सिपाही भी थे। रविवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। लेकिन जब लोगों का आक्रोश बढ़ता गया तो सोमवार केा एफआईआर में कारोबारी के बेटे का भी नाम जोड़ा गया।
वहीं, हादसे के बाद पुलिस ने घायलों को और शीशा तोड़कर निकाले गए कार सवार कारोबारी के घायल बेटे को अस्पताल भेजा। थाने में बाउंसरों ने पीड़ितों से अभद्रता कर हंगामा किया। एक पीड़ित ने तहरीर दी है। थाने में तंबाकू कारोबारी के कार चालक बेटे ने अपना पता आर्यनगर दर्ज कराया है।
खलासी लाइन निवासी सोनू त्रिपाठी ने बताया कि रविवार दोपहर वह ममेरे भाई विशाल त्रिपाठी के साथ बुलेट से वीआइपी रोड गए थे। भैरोघाट चौराहे के पास बुलेट खड़ी कर आपस में बात करने लगे। इसी बीच तेज रफ्तार काले रंग की लैंबार्गिनी कार आते दिखी। उसने एक आटो में टक्कर मारी तो आटो घूमकर दूसरी तरफ चला गया। यह देख विशाल को जैसे ही हटाया तो कार ने उनकी बुलेट को टक्कर दी। पहिया बुलेट पर चढ़ गया। दोनों भाइयों को मामूली चोटें आईं।
इसके बाद कार ने पैदल जा रहे चमनगंज निवासी तौफीक को जोरदार टक्कर मारी। वह उछलकर लगभग 10 मीटर दूर गिरा। उसके पैर में गंभीर चोटें आईं। उसे टक्कर मारने के बाद कार एक खंभे से टकराकर रुकी। भीड़ ने कार को घेर लिया तभी दूसरी कार से आए पांच-छह बाउंसरों ने भीड़ हटवाकर कार सवार को निकालने का प्रयास किया। इस दौरान जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस ने कार सवार को बाहर निकाला तो उसकी नाक में भी चोट लगी थी। उसकी पहचान दिल्ली के वसंत विहार पश्चिमी मार्ग निवासी शिवम मिश्रा के रूप में हुई। कार भी दिल्ली के इसी पते पर शिवम के नाम पंजीकृत है। पुलिस कार को थाने ले गई और तो बाउंसर उस पर कवर डालने लगे। लोगों ने विरोध किया तो बाउंसरों ने अभद्रता शुरू कर दी।
मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो कार से कवर हटा दिया गया। पीड़ित सोनू त्रिपाठी ने तहरीर दी है।
थाना ग्वालटोली क्षेत्र में लेम्बोर्गिनी कार से दुर्घटना की घटना घटित हुई थी। सूचना प्राप्त होते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई तथा घायल व्यक्तियों को अस्पताल भेजकर उपचार कराया गया। प्रकरण में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है एवं विवेचना प्रचलित है। विवेचना के दौरान जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिक एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अतुल श्रीवास्तव, पुलिस उपायुक्त, सेंट्रल
