मां से छेड़छाड़ के विरोध पर बेटे को मारी गोली
छेड़छाड़ का विरोध कर रहे 13 साल के बेटे पर मकान मालिक व उसके एक दोस्त ने तमंचे से फायर कर दिया।
जागरण संवाददाता, कानपुर : कल्याणपुर के केशवपुरम में मां से छेड़छाड़ का विरोध कर रहे 13 साल के बेटे पर मकान मालिक व उसके एक दोस्त ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली किशोर के कूल्हे पर लगी और पेट को चीरते हुए निकल गई। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। किशोर के पिता मूलरूप से गोंडा के रहने वाले हैं और भाजपा विधायक के रेस्टोरेंट में नौकरी करते हैं। आठ महीने पहले उन्होंने कल्याणपुर के केशवपुरम में मनीष बाजपेई के घर किराये पर कमरा लिया था। कर्मचारी का आरोप है कि कुछ समय बाद ही मनीष उनकी पत्नी पर गलत नजर रखने लगा। वह अक्सर अश्लील हरकतें करता था। इस पर वह कहीं और कमरा किराये पर लेने की सोच रहे थे। शनिवार देर शाम वह ड्यूटी पर थे। उस वक्त मनीष अपने दोस्त जगभान के साथ पहुंचा और नीचे वाले कमरे में बैठकर नशेबाजी करने लगा। कुछ देर बाद ऊपर आकर उसने पत्नी से तुरंत कमरा खाली करने के लिए कहा। पत्नी ने मजबूरी बताई तो छेड़छाड़ करने लगा। उस वक्त दोनों बेटियां मसवानपुर स्थित परचून की दुकान पर थीं। कमरे में 6 वीं में पढ़ रहा 13 साल का बेटा, सबसे छोटी बहन को खिला रहा था। उसने विरोध किया तो आरोपितों ने मारपीट की और कमरे में रखा सामान फेंककर तोड़फोड़ करने लगे। बेटे ने जगभान को धक्का देकर निकालने की कोशिश की तो मनीष ने तमंचे से बेटे को गोली मार दी। जो उसके कूल्हे में लगी। गोली चलते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। हंगामे की आवाज सुन पड़ोसी जुट गए और घायल किशोर को अस्पताल ले गए। सूचना पर सीओ कल्याणपुर पुलिस बल के साथ पहुंचे।
सीओ कल्याणपुर अजय कुमार कहना है कि किरायेदार महिला से मकान मालिक व उसके साथी ने आकर मारपीट की और विरोध पर महिला के बेटे को गोली मार दी। अस्पताल में किशोर की हालत स्थिर है। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।