जालंधर सिटी यार्ड में पुल के बदले जाएंगे गर्डर, कानपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनें रहेंगी डायवर्ट
जालंधर सिटी यार्ड में पुल संख्या 28 के पुराने गर्डर बदलने के कारण 6 से 10 अक्टूबर तक कई ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे या उन्हें रीशेड्यूल किया जाएगा।

कानपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनें रहेंगी डायवर्ट।
HighLights
जालंधर सिटी यार्ड में पुल संख्या 28 के गर्डर बदले जाएंगे।
6 से 10 अक्टूबर तक कई ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।
जम्मूतवी-टाटानगर सहित कई एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित होंगी।
जागरण संवाददाता, कानपुर। उत्तर रेलवे के अमृतसर-जालंधर सिटी सेक्शन स्थित जालंधर सिटी यार्ड के पुल संख्या 28 पर पुराने गर्डर बदले जाएंगे। इनकी जगह नए प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट (पीएससी) स्लैब बैठाने के लिए ट्रैफिक एवं ओएचई ब्लॉक के कारण ट्रेन का मार्ग परिवर्तन, रीशेड्यूलिंग एवं रेग्युलेशन करने का निर्णय लिया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 18102 जम्मूतवी-टाटानगर एक्सप्रेस सात अक्टूबर को अपने निर्धारित मार्ग पठानकोट-बटाला-अमृतसर-जालंधर सिटी-जालंधर कैंट के स्थान पर परिवर्तित मार्ग पठानकोट-मुकेरियां-जालंधर कैंट होकर चलेगी तथा इसके दिनानगर, गुरदासपुर, धारीवाल, बटाला, अमृतसर, ब्यास एवं जालंधर सिटी स्टेशनों पर ठहराव रद रहेगा।
दूसरी ओर ट्रेन नंबर 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस छह अक्टूबर व आठ अक्टूबर को निर्धारित मार्ग जालंधर कैंट-जालंधर सिटी-अमृतसर-बटाला-पठानकोट के स्थान पर परिवर्तित मार्ग जालंधर कैंट-मुकेरियां-पठानकोट होकर चलेगी।
इसी तरह ट्रेन नंबर 11906 होशियारपुर-आगरा कैंट एक्सप्रेस सात अक्टूबर व नौ अक्टूबर को निर्धारित मार्ग होशियारपुर-जालंधर कैंट-जालंधर सिटी-जालंधर कैंट-लुधियाना के स्थान पर परिवर्तित मार्ग होशियारपुर-जालंधर कैंट-लुधियाना होकर चलेगी।
इसके अलावा ट्रेन नंबर 12926 अमृतसर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस आठ अक्टूबर को अमृतसर से 40 मिनट देरी से रवाना होगी और रास्ते में 50 मिनट नियंत्रित की जाएगी। साथ ही 10 अक्टूबर को अमृतसर से 40 मिनट देरी से रवाना होकर रास्ते में 30 मिनट नियंत्रित होगी।
ट्रेन नंबर 15708 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस आठ अक्टूबर को अमृतसर से 90 मिनट देरी से चलेगी। वहीं 10 अक्टूबर को अमृतसर से 60 मिनट देरी से रवाना होगी।
यह भी पढ़ें- कानपुर में टीबी कर्मचारियों की जनपद कार्यकारिणी गठित, अल्का सैनी अध्यक्ष और विनीत दीक्षित महामंत्री बने
