जैकी ने कहा, पटेल जी ने 565 रियासतों को एक किया था, आज लोग परिवार को एक नहीं कर पा रहें
सरदार पटेल ने बहुत आसानी से 565 रियासतों को एक किया था। आज लोग अपने परिवार को एक नहीं कर पाते हैं। सभी को एक साथ ले चलने का संकल्प लें तो यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बातें कारागार मंत्री जय किसन सिंह जैकी ने कहीं
कानपुर, जेएनएन। सरदार पटेल ने बहुत आसानी से 565 रियासतों को एक किया था। आज लोग अपने परिवार को एक नहीं कर पाते हैं। सभी को एक साथ ले चलने का संकल्प लें तो यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बातें कारागार मंत्री जय किसन सिंह जैकी ने कहीं। मौका था बर्रा सचान चौराहा में भारतीय कुर्मी महासभा की ओर से आयोजित सरदार पटेल जयंती कार्यक्रम का।
उन्होंने कहा कि पटेल जी ने पूरे जीवन बहुत कठिनाईयों से भरा था। बैरिस्टर और अधिवक्ता होने के बावजूद उन्हेांने अंग्रेजों के यहां नौकरी नहीं कर उन्होंने किसानों के लिए आंदोलन किया। मंत्री ने कहा कि आज शादी होते ही दंपत्ती दूसरे मकान में शिफ्ट हो जाते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए, इससे परिवार के बड़े-बड़े बुजुर्ग कभी खुश नहीं होंगे। माता-पिता को बचपन से ही बच्चों को अच्छे संस्कार देने होंगे। उन्होंने सरदार पटेल की विचाराधारा को समझने व उनको जीवन में उतारने के लिए कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों से अपील की। इससे पहले उन्होंने दिवंगत भाजपा नेता अरविंद सचान को दी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में दौरान सांसद सत्यदेव पचौरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुशीला सिंह, वीना आर्या पटेल मौजूद रही।
कोविड नियमों को दिया दरकिनार
बर्रा पटेल चौक में सरदार पटेल की प्रतिमा पर कैबिनेट मंत्री जय कुमार सिंह जैकी, भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष बीना आर्या पटेल सहित कई भाजपाई, अपना दल एस के कार्यकर्ताओं ने शारिरिक दूरी के नियमों को तार-तार किया। माल्यार्पण के दौरान किसी ने भी मास्क भी नहीं लगाया था।
बड़ा हादसा होने से टला
कार्यक्रम में भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष वीना आर्या सरदार पटेल के जीवन के बारे में बता रही थीं। इसी दौरान कुर्सियों से लदा लोडर टेंट के बगल से निकला तो टेंट का हिस्सा खींच गया, हालांकि टेंट गिरा नहीं। हादसे के वक्त कैबिनेट मंत्री जय कुमार सिंह जैकी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुशीला सिंह, नीतम सचान, संजय कटियार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
यातायात प्रभावित, फंसी एंबुलेंस
बर्रा सचान चौराहा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने वाले लोगों ने बेहतरीन तरीके से अपने वाहनों को सड़क पर लगा दिए थे। इस वजह से जाम की स्थिति बनी रही और एंबुलेंस भी फंस गई थी। पुलिसकर्मियों ने गाडिय़ों को हटाकर किसी तरह को जाने का रास्ता दिया।