CSJMU Kanpur में 3 दिन अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, 30 Oct से जुटेंगे 8 देशों के विशेषज्ञ, स्वास्थ्य और खुशहाली पर होगा मंथन
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर में 30 अक्टूबर से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय 'वेलनेस कॉन-2026' का आयोजन होगा, जिसमें ...और पढ़ें

ये तस्वीर एआई जनरेटेड है।
HighLights
सीएसजेएमयू में 30 अक्टूबर से तीन दिवसीय वेलनेस कॉन
आठ देशों के विशेषज्ञ समग्र स्वास्थ्य, खुशहाली पर करेंगे चर्चा
सम्मेलन में 11 पद्म पुरस्कार विजेता भी होंगे शामिल
जागरण संवाददाता, कानपुर। स्वास्थ्य का मतलब सिर्फ बीमारी से मुक्त रहना नहीं, बल्कि मानसिक सुकून, भावनात्मक संतुलन, सामाजिक जुड़ाव और बेहतर जीवनशैली भी है। इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में 30 अक्टूबर से तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘वेलनेस कॉन-2026’ आयोजित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय और सामाजिक संस्था ‘प्रयत्न’ के संयुक्त आयोजन में भारत समेत आठ देशों के विशेषज्ञ समग्र स्वास्थ्य और खुशहाली पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन में 11 पद्म पुरस्कार से सम्मानित वक्ताओं की सहभागिता भी रहेगी।
आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन के लिए अब तक 1149 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि लक्ष्य 1100 का रखा गया था। करीब 400 शोध सारांश प्राप्त हुए हैं। तीन दिन में 61 वैज्ञानिक सत्र होंगे, जिनमें 64 वक्ता स्वास्थ्य, चिकित्सा, जीवनशैली, मानसिक संतुलन और अनुसंधान से जुड़े विषयों पर विचार रखेंगे। सम्मेलन का उद्घाटन 30 अक्टूबर को सुबह 11:10 बजे विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना करेंगे।
स्वास्थ्य के आठ आयामों पर चर्चा
सम्मेलन में शारीरिक, भावनात्मक, सामाजिक, बौद्धिक, व्यावसायिक, वित्तीय, पर्यावरणीय और आध्यात्मिक स्वास्थ्य पर मंथन होगा। उद्देश्य स्वास्थ्य को केवल इलाज तक सीमित न रखकर जीवन के विभिन्न पहलुओं से जोड़ना है। सम्मेलन की संरक्षक डॉ. वंदना पाठक के अनुसार, आयुर्वेद और वेलनेस से जुड़े पांच विषयों पर विशेष व्याख्यान होंगे। इनमें भारतीय ज्ञान परंपरा, स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य की अवधारणा पर चर्चा की जाएगी। मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और जीवन में संतुष्टि जैसे विषयों पर भी विशेष सत्र होंगे। ‘खुशहाली का दर्शन’ विषय पर अलग व्याख्यान आयोजित किया जाएगा।
400 शोध सारांश, उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को मिलेगा पुरस्कार
आयोजन सचिव प्रो. मुनीश रस्तोगी ने बताया कि सम्मेलन में मिले करीब 400 शोध सारांश के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में शोध प्रस्तुतियां होंगी। उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियों का चयन कर प्रतिभागियों को समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। वैज्ञानिक सत्रों में शोध निष्कर्ष साझा करने के साथ भविष्य में शोध सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
आज से शुरू होंगी प्रशिक्षण कार्यशालाएं
मुख्य सम्मेलन से पहले 29 अक्टूबर को क्वालिटी कंट्रोल, फिजियोथेरेपी और स्पोर्ट्स इंजरी पर तीन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन अध्यक्ष प्रो. संदीप कुमार सिंह ने बताया कि इन कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी और उपयोगी कौशल से परिचित कराया जाएगा।
वेलनेस उत्सव और सम्मान समारोह भी
सम्मेलन के संयोजक प्रो. प्रवीन कटियार ने बताया कि 30 अक्टूबर को ‘वेलनेस उत्सव’ के तहत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 31 अक्टूबर को ‘वेलनेस लॉरिएट्स’ सम्मान समारोह में स्वास्थ्य, वेलनेस और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। ‘वेलनेस लाइव’ के तहत विशेष प्रस्तुति भी होगी।
सम्मेलन में महिलाओं और छात्राओं की भागीदारी भी खास
अब तक हुए पंजीकरण में करीब 59 प्रतिशत महिलाएं और छात्राएं हैं। प्रो. कटियार ने बताया कि वेलनेस सम्मेलन की शुरुआत 2014 में राष्ट्रीय आयोजन के रूप में हुई थी। 2019 में इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया गया और 2025 में दूसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। इस वर्ष तीसरा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
