विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर : ग्राउंड वाटर में क्रोमियम की जांच के लिए IIT से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने किया करार, टीम 6 माह तक करेगी स्टडी

Published: Thu, 02 Jul 2026 05:30 AM (IST)Updated: Thu, 02 Jul 2026 07:11 AM (IST)

उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने फतेहपुर, कानपुर और कानपुर देहात में भूजल में क्रोमियम प्रदूषण की वैज्ञानिक जांच और समाधान के लिए IIT के साथ MoU किया है। इस छह महीने के अध्ययन के लिए शासन ने IIT को 2.65 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. भूजल क्रोमियम प्रदूषण जांच को IIT-UPPCB समझौता।

  2. अध्ययन के लिए शासन ने 2.65 करोड़ रुपये दिए।

  3. IIT टीम छह माह में रिपोर्ट तैयार करेगी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। फतेहपुर, कानपुर व कानपुर देहात में क्रोमियम प्रदूषण की जड़ों तक पहुंचने और उसके स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भूजल में क्रोमियम प्रदूषण की वैज्ञानिक जांच और उसके निस्तारण की कार्ययोजना तैयार करने के लिए आइआइटी के साथ बुधवार को एमओयू (आपसी समझौतापत्र) किया।

इस अध्ययन के लिए शासन ने आइआइटी को 2.65 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। अगले छह माह तक आइआइटी के विशेषज्ञों की टीम तीनों जिलों में विस्तृत सर्वे और वैज्ञानिक परीक्षण करने के बाद रिपोर्ट तैयार करेगी। आइआइटी की 10 सदस्यीय टीम प्रो. डा. पुरबंधू बोस और प्रो. डा.मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में अगले सप्ताह से जाजमऊ क्षेत्र का निरीक्षण शुरू करेगी।

स्रोतों की होगी वैज्ञानिक जांच

इसके बाद चिह्नित क्षेत्रों में भूजल, मिट्टी व प्रदूषण के अन्य स्रोतों की वैज्ञानिक जांच की जाएगी। तय किया जाएगा कि भूजल में मौजूद क्रोमियम कम करने और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास के लिए कौन-सी तकनीक सबसे प्रभावी होगी। यह पहल नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देशों के अनुपालन में शुरू की गई है।

एनजीटी ने 25 नवंबर 2025 को क्रोमियम डंपिंग, भूजल प्रदूषण और उससे जुड़े स्वास्थ्य संकट पर सख्त रुख अपनाते हुए शासन को 33 बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी वर्ष दो फरवरी को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की ओर से एनजीटी में प्रस्तुत एक्शन टेकन रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे।

रिपोर्ट के अनुसार कानपुर नगर, कानपुर देहात और फतेहपुर के प्रभावित इलाकों से लिए गए लोगों के रक्त नमूनों में क्रोमियम की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।