अखिलेश तिवारी, कानपुर। जल ही जीवन है और जल है तो कल है, लेकिन धरती पर पानी की उपलब्धता के बावजूद पीने योग्य पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है। दुनिया का बड़ा हिस्सा समुद्रों से घिरा है, पर खारेपन के कारण उसका सीधे इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। देश में भी बुंदेलखंड समेत कई ऐसे इलाके हैं, जहां जमीन के नीचे पानी तो है, लेकिन उसमें नमक और फ्लोराइड की अधिकता उसे पीने योग्य नहीं रने देती। ऐसे में पानी की एक-एक बूंद को जीवन के अनुकूल बनाना बड़ी चुनौती है।
आइआइटी कानपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के विज्ञानियों का नया शोध इसी चुनौती के बीच उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है। उन्होंने ऐसी सोलर मेम्ब्रेन डिसैलिनेशन तकनीक विकसित की है, जो खारे पानी को सूरज की रोशनी की मदद से मीठे पानी में बदल सकती है। खास बात यह है कि इसके लिए बिजली की जरूरत नहीं होगी। अब इस तकनीक को कम कीमत में आम जन तक पहुंचाने की तैयारी है।
प्रोफेसर जिष्णु भट्टाचार्य और शोधार्थी पवन शाक्य। फोटो- IIT कानपुर
अभी बाजार में उपलब्ध अधिकांश आरओ और वाटर प्यूरीफायर सामान्य पानी से अशुद्धियां हटाने के लिए उपयोग किए जाते हैं। कुछ आरओ खारेपन और टीडीएस को कम करने में सक्षम हैं, लेकिन उनकी अपनी सीमाएं हैं। पानी से अवांछित तत्वों के साथ जरूरी मिनरल भी निकल सकते हैं।
अधिक खारे पानी को शुद्ध करने में उनकी उपयोगिता और इनके उपयोग पर आने वाली लागत भी चुनौती बनती है। ऐसे में आइआइटी, कानपुर की यह तकनीक उम्मीद जगाती है कि खारे पानी और अधिक टीडीएस वाले भूजल को भी पीने योग्य बनाने का सस्ता विकल्प मिल सकता है।
सामान्य सिस्टम में पूरे पानी को गर्म करने में काफी ऊर्जा व समय खर्च होता है, जबकि इस नई तकनीक में नैनो-पार्टिकल कोटिंग की मदद से केवल 'मेम्ब्रेन की सतह' को गर्म किया जाता है। इससे पानी के वाष्पीकरण की गति तेज होती है और उसका खारापन, टोटल डिजाल्व्ड सालिड्स (टीडीएस) अथवा नमक दूर हो जाता है।
इसमें पानी की शुद्धता के लिए आवश्यक मिनरल भी गुणवत्ता के लिहाज से मिलाए जा सकेंगे। साथ ही पूरी प्रक्रिया में ऊर्जा की बर्बादी भी रुकती है। आगामी दो वर्षों में यह तकनीक आम लोगों के घरों व जल जीवन मिशन जैसी सरकारी योजनाओं के माध्यम से बाजार में उपलब्ध होने की उम्मीद है। अभी नौ हजार से 15 हजार रुपये तक के आरओ तकनीक बाजार में हैं, जिससे कीमत कम रखने की तैयारी है।
शोधकर्ता मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. जिष्णु भट्टाचार्य और शोधार्थी पवन कुमार शाक्य ने बताया कि खुले वातावरण में 35 ग्राम प्रति लीटर खारेपन वाले (समुद्री जल के स्तर) पानी पर किए गए परीक्षणों में इस तकनीक ने प्रति वर्ग मीटर लगभग 3.4 लीटर मीठा पानी तैयार किया है। इस हिसाब से चार वर्ग मीटर आकार का एक सिस्टम चार सदस्यों वाले परिवार की दैनिक पेयजल जरूरत को आसानी से पूरा कर सकता है।
टीम का लक्ष्य अगले दो से तीन वर्षों में इसे और उन्नत बनाकर एक वर्ग मीटर के सेटअप से प्रतिदिन करीब 20 लीटर शुद्ध पानी प्राप्त करना है। इस तकनीक की सबसे बड़ी विशेषता इसका हर मौसम में काम करना है। यह सीधे सूर्य की किरणों के साथ वातावरण की बिखरी हुई सौर ऊर्जा (डिफ्यूज सोलर रेडिएशन) व परिवेश की गर्मी का भी उपयोग करती है। बादल छाए रहने या कम धूप होने पर भी यह पानी शुद्ध करने की प्रक्रिया जारी रखती है।
तकनीक ऐसे करती है काम
सौर ऊर्जा के माध्यम से खारे पानी (समुद्री जल या आरओ के रिजेक्टेड पानी) को शुद्ध करने की तकनीक (सोलर मेम्ब्रेन डिस्टिलेशन) का पूरा सेटअप चार परतों व दो प्रवाह चैनलों पर आधारित है। इसमें सबसे ऊपर एक पारदर्शी खिड़की होगी, जिसके माध्यम से सूरज की किरणें (धूप) अंदर प्रवेश करेंगी। इसके नीचे एक फीड चैनल (ऊपरी चैनल) है, जो लगभग चार मिमी मोटी एक पतली परत है।
इसमें ही खारा या अशुद्ध पानी (समुद्री जल या अधिक नमक वाला आरओ का वेस्ट वाटर) की टोंटी जुड़ी होगी, जो बाईं से दाईं ओर प्रवाहित होकर फीड चैनल के ठीक नीचे काले रंग के एक विशेष नैनो-पार्टिकल परत व नैनो-लेयर के नीचे लगभग 100 माइक्रान (एक मिलीमीटर का दसवां हिस्सा) मोटी एक अत्यंत पतली व छिद्रयुक्त झिल्ली से होकर सबसे नीचे चैनल होकर चार से 10 मिमी मोटे एक ठंडा चैनल में पहुंचकर शुद्ध (डी-आयनाइज्ड) होकर विपरीत दिशा (दाईं से बाईं ओर) बहकर नीचे लगे बाक्स में इकट्ठा हो जाएगा और वहां टोंटी से इसे निकालकर पीने के लिए प्रयोग किया जा सकेगा।
वाष्पीकरण और संघनन ( कंडेंशन ) के सिद्धांत से शुद्धिकरण
जल शुद्धिकरण की कार्यप्रणाली के तहत यह प्रक्रिया वाष्पीकरण और संघनन ( कंडेंशन ) का सिद्धांत पर आधारित है। सूरज की धूप शीर्ष पारदर्शी विंडो व फीड चैनल के खारे पानी से गुजरते हुए नीचे स्थित काले रंग की नैनो-पार्टिकल लेयर पर पड़ती है। काला रंग होने के कारण यह परत धूप को अवशोषित कर तेजी से गर्म हो जाती है।
नैनो-लेयर के गर्म होने से इसके संपर्क में आने वाला खारा पानी गर्म होकर भाप (वेपर) में परिवर्तित हो जाता है। नैनो-लेयर के ठीक नीचे स्थित 100 माइक्रोन की पोरस मेम्ब्रेन में अत्यंत सूक्ष्म छिद्र होते हैं। ये छिद्र केवल जल वाष्प (भाप) को ही नीचे जाने देते हैं, जबकि तरल पानी व नमक ऊपर फीड चैनल में ही रोक देते हैं।
मेम्ब्रेन से गुजरकर नीचे परमीएट चैनल में आने वाली भाप वहां मौजूद ठंडे डी-आयनाइज्ड पानी के संपर्क में आकर ठंडी हो जाती है और शुद्ध जल (कंडेंस) में बदल जाती है। ऊपरी चैनल में खारे पानी और निचले चैनल में शुद्ध पानी का प्रवाह विपरीत दिशाओं में रखा गया है, जो ऊष्मा स्थानांतरण और संघनन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाता है।
99.5 प्रतिशत से अधिक नमक निकाला
प्रयोगशाला में 10 से 70 ग्राम प्रति लीटर तक खारे पानी पर किए गए परीक्षणों में इस सिस्टम से 99.5 प्रतिशत से अधिक नमक को अलग करने में सफलता मिली है। वाष्प-पृथक्करण (वेपर-सेपरेशन) प्रक्रिया पर आधारित होने के कारण यह पानी से भारी धातुओं (आर्सेनिक, फ्लोराइड) और बैक्टीरिया को भी हटाने की क्षमता रखता है। पीने के लिए उपयोग करने से पहले पानी की गुणवत्ता व आवश्यक मिनरल्स मिलाने (रिमिनरलाइजेशन) के मानकों का परीक्षण करना जरूरी होगा, क्योंकि हर क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता भिन्न होती है। इसमें यह व्यवस्था भी रहेगी।
मेम्ब्रेन पर नैनो पार्टिकल, बदलना आसान
शोधार्थी पवन शाक्य ने बताया कि खारे पानी के कारण अक्सर फिल्टर मेम्ब्रेन पर नमक की परत जमने की समस्या आती है। इस समस्या से निपटने के लिए मेम्ब्रेन पर विशेष नैनो-पार्टिकल कोटिंग की गई है, जो नमक जमने से रोकती है। इसका माड्यूलर डिजाइन नट-बोल्ट पर आधारित है, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से इसकी सफाई या मेम्ब्रेन को बदल सकता है। इससे यह सिस्टम कम रखरखाव व न्यूनतम परिचालन लागत वाला है, जो पानी की कमी वाले व आफ-ग्रिड क्षेत्रों के लिए एक टिकाऊ समाधान देगा।
तकनीक का संपूर्ण विकास हो चुका है। कोई भी निर्माता कंपनी इसका सीधे उत्पादन शुरू कर सकती है। केवल इसकी कीमतों पर विचार चल रहा है। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड और अन्य ग्रामीण इलाकों में जहां भूजल खारा है या फ्लोराइड की समस्या है, वहां यह विकेंद्रीकृत व्यवस्था वरदान साबित हो सकती है।
-प्रो.जिष्णु भट्टाचार्य, आइआइटी, कानपुर