विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT कानपुर में SC-ST प्रोफेसर न होने की RTI रिपोर्ट पर मचा बवाल, फिर आंकड़े जुटा रहा संस्थान

Published: Fri, 14 Aug 2026 05:30 AM (GMT+05:30)Updated: Fri, 14 Aug 2026 07:02 AM (GMT+05:30)

कानपुर आईआईटी में आरटीआई से खुलासा हुआ कि प्रोफेसर स्तर पर कोई एससी-एसटी फैकल्टी नहीं है, जिससे विवाद खड़ा हो गया। संस्थान अब नए सिरे से डेटा जुटा रहा है।

आरटीआई विवाद के बाद एससी-एसटी भर्ती के आंकड़े फिर जुटा रहा कानपुर आईआईटी।

आरटीआई विवाद के बाद एससी-एसटी भर्ती के आंकड़े फिर जुटा रहा कानपुर आईआईटी।

HighLights

  1. आरटीआई ने आईआईटी कानपुर में एससी-एसटी प्रोफेसरों की कमी उजागर की।

  2. इस खुलासे के बाद संस्थान में बड़ा विवाद खड़ा हो गया।

  3. आईआईटी प्रशासन अब शिक्षकों के आंकड़े फिर से संकलित कर रहा है।

जागरण संवाददाता, कानपुर। सूचना अधिकार के तहत आईआईटी की ओर से सूचना जारी करने वाले सिस्टम की बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। संस्थान में एससी और एसटी वर्ग के शिक्षकों की तैनाती नहीं होने की सूचना एक आरटीआई के जवाब में दी गई है। यह जानकारी सार्वजनिक होने के बाद बवाल मचा तो आईआईटी प्रशासन अब नए सिरे से सूचनाओं का संकलन कर रहा है।

आईआईटी प्रशासन का कहना है कि कई शिक्षकों की नियुक्ति एससी व एसटी कोटे में नहीं की गई है जबकि वह संबंधित वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए अब सूचना नए सिरे से तैयार कराई जा रही है।

आईआईटी में प्रोफेसर स्तर पर अनुसूचित जाति (एससी) या अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग का एक भी फैकल्टी मेंबर कार्यरत नहीं होने की जानकारी एक आरटीआई के माध्यम से बाहर आई है।

मीडिया में आरटीआई से मिले जवाब के प्रकाशित होने के बाद अब आईआईटी संस्थान स्थिति संभालने की कोशिश कर रहा है। निदेशक प्रो. मणीन्द्र अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों का चयन उनकी मेधा और योग्यता के आधार पर किया गया है।

एससी या एसटी वर्ग की सूची में नाम शामिल नहीं होने का मतलब सभी के साथ समानता पूर्ण व्यवहार एवं कार्य पद्धति है। जिन वर्गों का उल्लेख किया जा रहा है। उन वर्गाें से कई शिक्षक हमारे साथ हैं और उनके उल्लेखनीय काम को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है।

आरटीआई के आंकड़े

  • आईआईटी में कुल स्वीकृत शिक्षक पद - 957
  • नियुक्त - 581
  • रिक्त - 376

पद एवं श्रेणीवार विवरण

पद अनुसार एवं श्रेणीवार पदों का विवरण

पद का नाम अनारक्षित (UR) ओबीसी (OBC) एससी (SC) एसटी (ST) कुल पद
प्रोफेसर 254 3 0 0 257
एसोसिएट प्रोफेसर 112 7 8 1 128
असिस्टेंट प्रोफेसर 136 36 17 4 193
कुल योग 502 46 25 5 578

यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने 'गूगल स्ट्रीट व्यू' से चिह्नित किए लखनऊ के 51 अवैध निर्माण, पहली बार तकनीक से हुई कार्रवाई