IAS Success Story: 2014 में UPSC परीक्षा पास की, अब कानपुर के डीएम का पदभार संभाला महेंद्र सिंह तंवर ने
कानपुर के नए जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बुधवार को कार्यभार संभाला। उन्होंने अपनी पिछली सेवाओं और कानपुर में शासन ...और पढ़ें

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तवंर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तवंर ने बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे कलक्ट्रेट में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कलक्ट्रेट और जिला निर्वाचन कार्यालय का भ्रमण किया के बाद सरसैया घाट स्थित सभागार में अपनी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि वे हरियाणा राज्य के रोहतक जिले के निवासी हैं। बी-टेक टेक्सटाइल्स की पढ़ाई के बाद उन्होंने दो साल तक नोएडा में एक प्राईवेट कंपनी में कार्य किया। इसके बाद एसएससी की परीक्षा पास करने के बाद मिनिस्ट्री आफ डिफेंस में तीन वर्ष तक कार्य किया।
2014 में उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा पास की और 2015 के आइएएस बैच में अलाट हुए। उनका प्रशिक्षण बहराइच जिले में हुआ, इसके बाद उन्होंने एसडीएम एटा, सीडीओ शाहजहांपुर, गाजियाबाद नगर आयुक्त, गोरखपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के उपाध्यक्ष और संतकबीर नगर में पहली पोस्टिंग जिलाधिकारी के रूप में की।
कुशीनगर में डेढ़ वर्ष कार्य करने के बाद वे जिलाधिकारी कानपुर के पद पर स्थानांतरित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 10 वर्षों के सेवा अनुभव का लाभ कानपुर में मिलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाएगा। सड़कों की समस्याओं का निरीक्षण कर निराकरण किया जाएगा।
नवांगत जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शहर की अलग-अलग समस्याएं होती हैं, जिनका समाधान ही समस्याओं में छिपा होता है। वे स्पष्टवादी हैं और आइजीआरएस की रैकिंग में सुधार के लिए कमियों को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया।
