Kanpur News: परामर्श केंद्र में समझौता करने पहुंचे दंपती फिर झगड़े, पुलिस के सामने वकील पति ने पत्नी को पीटा
Kanpur में दंपती घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए परामर्श केंद्र पहुंचे कि तभी अचानक दोनों में झगड़ा शुरु हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि पति ने पुलिस के सामने ही पत्नी को पीट दिया। पुलिस आयुक्त ने पत्नी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
कानपुर, जागरण संवाददाता। पुलिस आयुक्त कार्यालय में गुरुवार परामर्श केंद्र पहुंचे पति ने पत्नी को पीट दिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद पत्नी की शिकायत पर पुलिस आयुक्त ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
लाल बंगला निवासी शालिनी दुबे और सुशील दुबे की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। दोनों का एक 9 महीने का बेटा भी है। सुशील खुद को अधिवक्ता बताता है। पति पत्नी में पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है। गुरुवार को दोनों को समझौते के लिए परामर्श केंद्र बुलाया गया था।
वहां भी उनके बीच तू-तू मैं-मैं होती रही। इसके बाद दोनों जाने लगे। इसी बीच पति ने पत्नी को रोकने की कोशिश की। जब शालिनी नहीं रुकी तो सुशील ने पासपोर्ट कार्यालय के सामने उसे पीटना शुरू कर दिया। पुलिस वाले रोकने के लिए दौड़े तो सुशील रुक गया।
इसके बाद उन दोनों में काफी देर तक बहस होती रही। बाद में दोनों पुलिस आयुक्त के सामने पेश हुए। पुलिस आयुक्त बीपी जोगदण्ड ने घटनाक्रम की जानकारी होने के बाद आरोपित पति सुशील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि परिवार ना टूटे इसलिए आरोपित पति को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है अगर उसका रवैया इसी तरह चलता रहा तो उसके खिलाफ दंडात्मक व निरोधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।