कमरे में आग लगने से जिंदा जल गए गृहस्वामी, किसी को पता तक नहीं चला Kannauj News
सुबह चार बजे जागने पर पत्नी को हुई जानकारी आग लगने की वजह का नहीं चल रही पता।
कन्नौज, जेएनएन। कमरे में सो रहे अधेड़ की आग में जिंदा जलकर मौत हो गई। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस घटना की पुलिस पड़ताल कर रही है। विशुनगढ़ के मोहल्ला नोनार निवासी 50 वर्षीय जगदीश बाथम की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह शराब के आदी हो गए थे। ऐसे में जमीन बेचकर वह गुजर-बसर करते थे। पत्नी सावित्री थाना परिसर में खाना बनाकर अपना भरण-पोषण करती है। पत्नी के विरोध करने पर उन्होंने घर में रहना भी बंद कर दिया। कुछ समय पहले उनकी कमर के नीचे एक फोड़ा निकल आया। ऐसे में करीब एक सप्ताह पहले घर वापस आ गए। वहां घर के पास बाहर के कमरे में रहने लगे।
सुबह शाम पत्नी खाना दे देती थीं। बुधवार रात को रोज की भांति कमरे में चले गए। सुबह 4 बजे करीब जब पत्नी जागीं तो उसने कमरे से आग की लपटें निकलती देखीं। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और कमरे के अंदर गए पर तब तक उनकी जलकर मौत हो चुकी थी। केवल दोनों पैर चारपाई के नीचे लटके हुए थे। सूचना पर थाना प्रभारी इंद्रपाल सरोज मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वजनों व ग्रामीणों से जानकारी की। बताया कि घटना को लेकर अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। कुछ लोग डीजल से आग लगने की बात कह रहे हैं, तो कुछ लोगों के बीच बिजली का तार टूटने से आग लगने की सूचना दे रहे हैं। पास में ही होल्डर भी टूटा पड़ा हुआ मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।