कानपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने कार में मारी टक्कर, चालक समेत दो घायल
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि हादसे में किसी को भी ज्यादा चोट नहीं आई है। ट्रक का पता लगाया जा रहा है। कार उत्तराखंड के उधम सिंह नगर निवासी सौरभ वर्मा के नाम पर पंजीकृत है। कार को हाईवे से हटवा कर जाम खुलवा दिया गया है।
कानपुर, जेएनएन। सचेंडी थाना क्षेत्र में दो भौंती हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही आल्टो कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक मामूली रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस प्राथमिक उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल लेकर गई। सचेंडी हाईवे पर गुरुवार सुबह कानपुर से इटावा की ओर एक अल्टो कार जा रही थी। इसी दौरान भौती अंडर पास फ्लाईओवर पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। घटना से कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद इटावा लेन पर भीषण जाम लग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को निजी अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि हादसे में कार चालक को मामूली चोट आई है। ट्रक का पता लगाया जा रहा है। कार उत्तराखंड के उधम सिंह नगर निवासी सौरभ वर्मा के नाम पर पंजीकृत है। कार को हाईवे से हटवा कर जाम खुलवा दिया गया है।
विपरीत दिशा में घुसे वाहनों ने लगाया भीषण जाम
भौंती फ्लाईओवर पर हुए एक्सीडेंट के बाद फ्लाईओवर पर जाम लग गया। जाम से बचने के लिए कुछ वाहन सवारों ने अंडर पास से होकर विपरीत दिशा में गाड़ी लेकर घुस गए, जिससे फ्लाईओवर के नीचे कानपुर देहात की ओर जाने वाला हाईवे भी पूरी तरह जाम हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाने में कामयाब हो पाई। इस दौरान करीब 2 घंटे तक राहगीरों को भीषण जाम से जूझना पड़ा।