यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कानपुर-बांदा हाईवे पर जाम से जूझे वाहन सवार, मौरंग लदे ट्रक में आई खराबी से 14 घंटे ठप रहा यातायात
कानपुर-बांदा हाईवे मार्ग पर जाम लगने की वजह से कानपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें चौडगरा से जोनिहां ...और पढ़ें

फतेहपुर, जागरण संवाददाता। कानपुर-बांदा हाईवे मार्ग पर चौडगरा से ललौली तक के 45 किमी सफर में दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार शाम खुर्मानगर में ट्रक पलटने व देर रात शिवरी मोड़ पर एक्सल टूट जाने से भीषण जाम लग गया। हालत ये हो गई कि देर शाम लगा जाम दूसरे दिन रविवार सुबह दस बजे यानि 14 घंटे के बाद खुल सका।
जाम लगने की वजह से कानपुर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें चौडगरा से जोनिहां फिर फतेहपुर होकर बांदा के लिए गईं। उधर बांदा से कानपुर को जाने वाली रोडवेज बसें सीधे हमीरपुर होकर निकल गईं। ललौली, बंधवा, बिंदकी के तमाम मुसाफिर रविवार को सुबह छह बजे दस बजे तक बसों का इंतजार करते रहे। हालांकि जब उन्हें पता चला कि बसें इधर से नहीं आ रहीं है तो वह फतेहपुर होकर बांदा रवाना हुए।
खदानों से एक साथ ट्रक छूटने से जाम : ललौली थाने के खुर्मानगर के पास मौरंग भरा ट्रक पलट गया। इसे यहां पर शनिवार को रात आठ बजे जाम लग गया। हालांकि रात में ट्रक हटा दिया गया। इसके बाद भी जाम नहीं खुल पाया क्योंकि मौंरग खदानों से लोकेशन पर एक साथ छूटे ट्रकों में एक ट्रक का एक्सल शिवरी गांव के पास टूट गया जिससे। इससे जाम लग गया। जाम की स्थिति देखकर पुलिस हाथ पर हाथ रखकर बैठ गई। सैकड़ों छोटे वाहन दोनों स्थानों पर लगे 13 किमी लंबे जाम में फंसे रहे।
इनका ये है कहना : नहर के पास पुल जाम की बड़ी समस्या है। ट्रक दुर्घटना के कारण भी जाम लगा रहा। पुलिस जाम खुलवाने में प्रयासरत रही। रात से लगा जाम सुबह तक खोला जा सका। - अमित कुमार मिश्र, प्रभारी ललौली
