Kanpur Weather Forecast: कल से तीन दिन तक झमाझम बारिश के आसार, सामान्य से तेज चलेगी हवाएं
आसमान में बादल छाए रहेंगे और 3 से 5 जुलाई के मध्य तेज हवाओं गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।
कानपुर, जेएनएन। मानसून में कल से तीन दिन तक झमाझम बारिश के आसार बन रहे हैं। हवा सामान्य से तेज चलेगी, जबकि गरज चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका रहेगी। बीच-बीच में बूंदाबांदी भी हो सकती है, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग ने तीन से पांच जुलाई के बीच तेज वर्षा का आकलन किया है। कानपुर में गुरुवार को अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
अब तक मानसून रहा बेहतर
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय ने बताया कि एक से 28 जून तक मानसून का प्रदर्शन सामान्य से बेहतर रहा है। पूरे देश में सामान्य से 22 फीसद अधिक वर्षा रिकार्ड हुई। मध्य भारत में सामान्य से 40 फीसद ज्यादा, उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 11 फीसद अधिक बारिश हुई। पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से 18 फीसद ज्यादा वर्षा हुई। दक्षिण भारत में सामान्य से चार फीसद ज्यादा बरसात हो चुकी है।
कानपुर में मौसक का पूर्वानुमान
चंद्रशेखर आजाद कृषि विवि के मौसम विभाग के अनुसार शहर में गुरुवार को 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री से. अधिक है। वहीं आद्रता अधिकतम 75 प्रतिशत और न्यूनतम 51 प्रतिशत रिकार्ड की गई। उत्तरी पूर्वी हवा की रफ्तार चार किमी/घंटा रही है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लाक एवं जिला स्तर पर आसमान में मध्यम बादल छाए रहेंगे और 3 से 5 जुलाई के मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की संभावना है।
अरहर के पौधों में रहे दूरी
सीएसए के दलहन अनुभाग के डॉ. मनोज कटियार ने बताया कि खरीफ में अरहर की बुआई का सर्वोत्तम समय जून के अंतिम सप्ताह से जुलाई का दूसरा हफ्ता रहता है। प्रदेश में अरहर का क्षेत्रफल 2.82 लाख हेक्टेयर, उत्पादन 3.32 लाख मीट्रिक टन होता है। इनकी बुआई करते समय पौधों से पौधों की दूरी 20 सेंटीमीटर होनी चाहिए। मेड विधि से बुआई करने से पैदावार अधिक होती है।