विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब कानपुर पहुंचे Hanuman Ansh के गायक सुनील लोधी...'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...' भजन से भक्तिमय हुआ CSJMU

Published: Fri, 18 Sep 2026 10:42 PM (IST)

लोकगायक सुनील लोधी ने कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में अपनी भक्तिमय प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर ...और पढ़ें

सीएसजेएमयू के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भजन गाते गायक सुनील लोधी (दाएं) ।   जागरण

सीएसजेएमयू के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में भजन गाते गायक सुनील लोधी (दाएं) ।   जागरण  

HighLights

  1. लोकगायक सुनील लोधी ने सीएसजेएमयू कानपुर में भक्तिमय संगीत प्रस्तुत किया

  2. 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भजन से सभागार भक्तिमय हो उठा

  3. कुलपति ने सुनील लोधी को 21 हजार रुपये से सम्मानित किया

जागरण संवाददाता, कानपुर। जिस आवाज को सुनकर लोग 'मैंने तेरे ही भरोसे' गुनगुनाते लगते हैं वही आवाज शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में गूंजी। फिल्म हनुमान अंश के लोकगायक सुनील लोधी जैसे ही सभागार में पहुंचे तो तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी।

वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में शुक्रवार को भक्ति, लोक संगीत और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। संगीत संध्या की शुरुआत लोकगायक सुनील लोधी के साथ कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक और डा. वंदना पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित करके की। इसके बाद छात्रा अंशिका ने शिव स्तुति पर कथक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को आध्यात्मिक रंग दिया। प्रस्तुति के बाद जैसे ही सुनील लोधी मंच पर पहुंचे, बैकग्राउंड में उनके चर्चित गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ की धुन सुनाई देने लगी। यह गीत फिल्म हनुमान अंश से जुड़ा है और इसी साल रिलीज हुई फिल्म के चर्चित गीतों में शामिल है।

‘मैंने तेरे ही भरोसे...’ से शुरू हुआ भजनों का सफर

माइक संभालते ही सुनील लोधी ने ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डारी दई’ भजन प्रस्तुत किये। उनकी आवाज में लोक संगीत की मिठास और भक्ति का भाव सुनाई दिया तो दर्शक तालियां बजाने लगे। इसके बाद उन्होंने ‘मोरे संकट के कटैया’ और ‘सीताराम गाइए’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। एक के बाद एक भजन के साथ सभागार का माहौल और भक्तिमय होता चला गया। विद्यार्थी अपनी सीटों पर बैठे-बैठे तालियां बजाते और भजनों के साथ सुर मिलाते नजर आए। कई मौकों पर जयकारों से पूरा सभागार गूंज उठा।

गुरु जुबिन नौटियाल का भजन गाया तो साथ गाने लगा पूरा सभागार

कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया, जब सुनील लोधी ने प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल को अपना गुरु बताते हुए उनका लोकप्रिय भजन ‘नारायण मिल जाएगा’ सुनाया। भजन शुरू होते ही विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनके साथ गाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में ऐसा लगा जैसे मंच और दर्शक दीर्घा के बीच कोई दूरी ही नहीं बची हो। पूरा सभागार एक साथ भक्ति के सुर में डूबा नजर आया। लोक संगीत और भक्ति से सजे इस कार्यक्रम में सुनील लोधी ने अपनी गायकी से दर्शकों को देर तक बांधे रखा। उनकी प्रस्तुतियों पर लगातार तालियां बजती रहीं और सभागार में भक्तिमय माहौल बना रहा।

कुलपति ने 21 हजार रुपये से किया सम्मानित

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने सुनील लोधी की प्रतिभा और संघर्ष की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभा विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी पहचान बना सकती है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सुनील लोधी ने अपनी मेहनत और लगन से देशभर में पहचान बनाई है। कुलपति ने सुनील लोधी को 21 हजार रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक एवं वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने की। इस अवसर पर सुनील लोधी के मामा रोहित साहू, कुलसचिव राकेश मिश्रा, सहायक कुलसचिव प्रमोद मिश्रा, सरस कपूर, डीएसडब्ल्यू प्रो. अंशु यादव, चीफ प्रॉक्टर प्रो. शशिकांत मिश्रा, डॉ. शिवांशु सचान और मीडिया प्रभारी डॉ. दिवाकर अवस्थी समेत विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग उपस्थित रहे।