विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अक्टूबर की गुनगुनी धूप और ताजी सब्जियां, घर की छत पर ऐसे उगाएं मूली-पालक, मेथी और धनिया

Published: Tue, 13 Oct 2026 02:21 PM (IST)

अक्टूबर का महीना घर की बगिया में सर्दियों की सब्जियां उगाने के लिए सबसे उपयुक्त है।

घर की बगिया में उगाएं सर्दी की सब्जियां।

घर की बगिया में उगाएं सर्दी की सब्जियां।

HighLights

  1. अक्टूबर सर्दियों की सब्जियों की बुवाई का सही समय।

  2. घर पर मूली, पालक, मेथी जैसी सब्जियां उगाएं।

  3. ताजी उपज और स्वस्थ जीवन का अनुभव करें।

जागरण संवाददाता, कानपुर। सुबह की चाय के बाद गमलों में झांकते नन्हे पौधे और घर की बगिया में उगती ताजी सब्जियां मन को सुकून देती हैं। बारिश के बाद मौसम में बदलाव के साथ अक्टूबर की गुनगुनी धूप सर्दियों की सब्जियों के बीज बोने का अनुकूल अवसर लेकर आई है।

थोड़ी सी जगह, सही मिट्टी और नियमित देखभाल से छत, बालकनी या आंगन में मूली, पालक, मेथी और धनिया उगाए जा सकते हैं। प्रस्तुत है इसी विषय पर दैनिक जागरण संवाददाता की रिपोर्ट...

अक्टूबर का महीना सर्दियों की सब्जियों की बुवाई के लिए उपयुक्त माना जाता है। इस समय मूली, पालक, मेथी, धनिया, गाजर, मटर और शलजम जैसी सब्जियां लगाई जा सकती हैं। घर में सब्जियां उगाने से ताजी उपज मिलती है। दादा नगर की प्रज्ञा अवस्थी बताती हैं कि हाल ही में उन्होंने अपने बगीचे में पालक, मेथी ब्रोकली समेत कुछ हरी सब्जियों के बीज लगाए हैं।

घर में उगी सब्जियों का उपयोग स्वस्थ रखने के साथ अलग अनुभव देता है। रोज पौधों को पानी देना और उनमें निकलती नई पत्तियों को देखना अच्छा लगता है। वहीं गोविंद नगर की एकता सिंह का कहना है कि उन्हें बगीचे में समय बिताना अच्छा लगता है। गमलों में धनिया और मूली समेत कुछ हरी सब्जियों के बीज लगाए हैं। घर की बगिया में सब्जियां उगाने से ताजी पत्तियां और सब्जियां मिलेंगी।

जीटी रोड के नरसरी संचालक नरेश बताते हैं कि बीज लगाने के बाद मिट्टी में नमी बनाए रखना जरूरी है। पौधे निकलने पर उन्हें पर्याप्त जगह दें और कमजोर पौधों को हटा दें।

सर्दियों की सब्जियों को सामान्य रूप से कुछ घंटे धूप की आवश्यकता प्रतिदिन होती है। अक्टूबर में की गई बुवाई से मौसम और किस्म के अनुसार कुछ ही सप्ताह में हरी पत्तियां मिलने लगेंगी, जबकि मूली और गाजर जैसी जड़ वाली सब्जियों को तैयार होने में अधिक समय लगेगा।

सर्दियों की ताजी उपज के लिए

  • पत्तेदार: पालक, मेथी, धनिया, सरसों का साग
  • जड़ वाली: मूली, गाजर, शलजम, चुकंदर
  • फलियां: मटर
  • अन्य: फूलगोभी, गांठगोभी और स्थानीय मौसम के अनुकूल सर्दियों की किस्में

ऐसे लगाएं सब्जियों के बीज

  • मिट्टी तैयार करें: मिट्टी में सड़ी खाद या वर्मी कंपोस्ट मिलाएं और उसे भुरभुरा बनाएं।
  • गमला चुनें: पानी निकासी के छेद वाले गमले या ग्रो बैग इस्तेमाल करें।
  • बीज बोएं: बीज के पैकेट पर बताई गहराई और दूरी का पालन करें।
  • पानी दें: फुहार से सिंचाई करें और मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें।
  • धूप व देखभाल: गमलों को पर्याप्त धूप में रखें और पौधों को जरूरत से ज्यादा पानी न दें।

यह भी पढ़ें- बांका: अब क्लस्टर में होगी सब्जी और बागवानी की खेती, किसानों को मिलेगा 50% तक अनुदान