ग्रीन पार्क गौरव कप में होगी रन वर्षा, सांसद व पूर्व क्रिकेटर लगाएंगे चौके छक्के
ग्रीन पार्क स्टेडियम में 6 सितंबर को ग्रीन पार्क गौरव कप का आयोजन होगा, जिसमें सांसद एकादश और कानपुर एकादश ...और पढ़ें

ग्रीन पार्क स्टेडियम में गौरव कप के बारे में बताते सांसद रमेश अवस्थी। साथ में बाएं से एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता, पूर्व क्रिकेटर अंकित राजपूत व जितेंद्र अवस्थी। जागरण
HighLights
ग्रीन पार्क गौरव कप 6 सितंबर को कानपुर में।
सांसद एकादश बनाम कानपुर एकादश, यूसुफ पठान कप्तान।
नवनिर्माण से पहले ग्रीन पार्क स्टेडियम का अंतिम मैच।
जागरण संवाददाता, कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में छह सितंबर को ग्रीन पार्क गौरव कप का आयोजन किया जाएगा। सांसद और कानपुर एकादश के बीच शाम साढ़े पांच बजे से शुरू होने वाले मुकाबले में 16 सांसद के साथ कई पूर्व क्रिकेटर चौके छक्के लगाते हुए नजर आएंगे। 15-15 ओवर का मुकाबला ग्रीन पार्क की गौरव गाथा का महत्व बताने के लिए आयोजित किया जा रहा है। जो ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाने वाला अंतिम मुकाबला होगा।
ग्रीन पार्क स्टेडियम में हुई प्रेस वार्ता में सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि इस मुकाबले में ऐतिहासिक स्टेडियम की शौर्य गाथा से क्रिकेट प्रेमियों को परिचित कराया जाएगा। सांसद एकादश की कप्तानी पूर्व क्रिकेटर और बंगाल के बहरामपुर से सांसद यूसुफ पठान करेंगे। जबकि, कानपुर एकादश की कप्तानी पूर्व क्रिकेटर और तेज गेंदबाज अंकित राजपूत के हाथों में होगी।
कानपुर एकादश में पूर्व क्रिकेटरों के साथ आइएएस अधिकारी खेलेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रीन पार्क स्टेडियम देश का गौरव है। जिसे उप्र की शान बनाने के लिए नवनिर्माण कराया जा रहा है। स्टेडियम के लिए 50 करोड़ के कुल बजट में 45 करोड़ की धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब स्टेडियम को 55000 दर्शक क्षमता बनाने के लिए 456.94 करोड़ की धनराशि से नया रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ता में एडीएम सिटी आलोक कुमार, उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह, जितेंद्र अवस्थी आदि उपस्थित रहे।
पूर्व क्रिकेटर और सर पदमपत सिंहानिया के नाम पर होगी गैलरी
सांसद ने कहा कि सिंहानिया परिवार ने कानपुर में क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है। नए स्टेडियम में उनके नाम पर गैलरी बनाई जाएगी। सर पदमपत सिंहानिया और गोपाल शर्मा, सुरेश रैना, शशिकांत खांडेकर, हाल आफ फेस नीतू डेविड व रीता डे के नाम पर गैलरी का नामकरण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
कैंट और कानपुर जेल में जल्द बनेगा स्पोर्ट्स का हब
संसद ने कहा कि ग्रीन पार्क स्टेडियम के साथ ही कैंट में स्पोर्ट्स हब और जिला जेल में ग्रीन पार्क के अन्य खेल की गतिविधियों के लिए नया केंद्र बनाया जाएगा। ग्रीन पार्क सिर्फ क्रिकेट के लिए सुरक्षित रहेगा। ऐसे में जिला जेल के शिफ्ट होने पर वहां की भूमि पर अन्य खेल गतिविधियों के लिए हब बनाने की तैयारी है।
इस प्रकार टीम
सांसद एकादश
कप्तान यूसुफ पठान, आनंद भदौरिया, विश्वजीत सिन्हा, दानिश अली, विधायक अभिजीत सांगा व सुरेंद्र मैथानी, प्रवीन खंडेलवाल, डा. प्रशांत, रमेश अवस्थी, सदानंद एमएस, सोमेंद्र तोमर, सुब्रत पाठक, विजय दुबे व निशिकांत दुबे।
कानपुर एकादश
कप्तान अंकित राजपूत, अनुभव सिंह, आकांशु गोविल, डा. बलकर सिंह, अंकुर कौशिक, अभिनव जैन, कर्मवीर सिंह, संदीप कुमार, शुभम पटेल, दीपांकर मालवीय, सतीश जायसवाल, सुनील त्रिपाठी, हरजीत सिंह, गोपाल व अमित पाल।
