कांग्रेसियों ने जलाए सद्भावना के दीप, प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का लिया संकल्प
शास्त्री नगर में तिरंगे रंग से रंगे घड़ों पर दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में सभी धर्मों के लोग शामिल हुए।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। दीपावली के त्योहार पर बुधवार को कांग्रेसियों ने सद्भावना के दीप जलाए और एक दूसरे को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में सर्वधर्म के लोग शामिल हुए। कांग्रेसियों ने एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराने के साथ कहा कि त्योहार ही सांप्रदायिक विष का समूल नाश करते हैं। लोगों ने आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।
शहर के शास्त्री नगर स्थित काली मठिया पर सुबह से ही क्रांगेस नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां पर कांगे्रसियों ने सर्वधर्म के लोगों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया और तिरंगे रंग से रंगे हुए घड़ों पर दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई धर्म के लोग शामिल हुए। यहां पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि सद्भावना के दीप राष्ट्रीय एकता को रोशनी देने का काम करेंगे।
इससे राष्ट्र के विकास का पथ प्रशस्त होगा। कहा कि एक दूसरे के साथ मिलकर त्योहार मनाने से समाज में यदा कदा फैले सांप्रदायिक विष का समूल नाश होगा। इस अवसर पर सभी ने आपसी भाईचारे को मजबूत करने और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संकल्प लिया। डॉ. शैलेंद्र दीक्षित, उमाशंकर दीक्षित, गुरुदयाल सिंह, सैमुअल सिंह, मो. जफर खान, डॉ. आरके जगत, राजेंद्र चक उपस्थित रहे।