विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छात्रवृत्ति योजना का आप भी ले सकते हैं लाभ, Kanpur यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए सुनहरा मौका, ऐसे करें आवेदन

Published: Tue, 01 Sep 2026 06:56 PM (IST)

कानपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध छात्रों के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ लेने का दूसरा मौका दिया गया ...और पढ़ें

8त्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर।

8त्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर।

HighLights

  1. छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति आवेदन का दूसरा मौका

  2. तकनीकी खामियों वाले छात्र भी कर सकेंगे आवेदन

  3. आवेदन, सत्यापन और सुधार की विस्तृत समय-सारिणी जारी

जागरण संवाददाता, कानपुर। छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ लेने से वंचित रह गए पात्र छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। तकनीकी खामी, डाटा में त्रुटि या अन्य कारणों से पहले चरण में आवेदन प्रक्रिया पूरी न कर पाने वाले विद्यार्थियों को अब दोबारा मौका दिया गया है।

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय ने अपने से संबद्ध राजकीय, अनुदानित और स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों को समय-सारिणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में सभी राजकीय, एडेड और वित्त विहीन डिग्री कालेजों को आदेश जारी कर दिया है।

पहले चरण में एक से सात सितंबर तक शिक्षण संस्थान अपना मास्टर डाटा तैयार और अपडेट करेंगे। इसमें पाठ्यक्रम, पाठ्यक्रम का प्रकार, सीटों की संख्या, निर्धारित शुल्क, संबद्ध विश्वविद्यालय और अन्य जरूरी सूचनियों को ऑनलाइन दर्ज कर डिजिटल हस्ताक्षर से प्रमाणित किया जाएगा। इसके बाद दो से आठ सितंबर तक विश्वविद्यालय अथवा संबद्ध विश्वविद्यालय स्तर पर फीस और अन्य विवरणों का सत्यापन होगा। वहीं तीन से नौ सितंबर के बीच जिला समाज कल्याण अधिकारी शिक्षण संस्थानों के डाटा, पाठ्यक्रम, सीटों और फीस आदि का परीक्षण करेंगे।

गलत डाटा सुधारने का मिलेगा अवसर

यदि सत्यापन के दौरान किसी छात्र या संस्थान के डाटा में त्रुटि मिलती है तो उसे सुधार के लिए वापस भेजा जाएगा। विश्वविद्यालय और जिला समाज कल्याण अधिकारी स्तर पर त्रुटिपूर्ण डाटा को ऑनलाइन सत्यापित किया जाएगा। 11 से 15 सितंबर तक पीएफएमएस साफ्टवेयर के माध्यम से छात्रों के आधार से जुड़े बैंक खाते और अन्य विवरणों की जांच होगी। इस दौरान सामने आने वाली त्रुटियों को संबंधित शिक्षण संस्थान ठीक कर सकेंगे। इसके बाद 16 से 18 सितंबर तक शिक्षण संस्थान स्तर पर आनलाइन आवेदनों में रह गई गलतियों को ठीक किया जाएगा। 17 से 19 सितंबर के बीच शिक्षण संस्थान पात्र छात्रों के आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें अग्रसारित करेंगे।

20 सितंबर से संदिग्ध डाटा की फिर होगी जांच

प्रक्रिया के अगले चरण में 20 से 22 सितंबर तक संदिग्ध डाटा की अलग-अलग बिंदुओं पर दोबारा जांच की जाएगी। इसके बाद जिला स्तरीय अधिकारी 17 से 25 सितंबर तक संदिग्ध और अपूर्ण डाटा पर निर्णय लेंगे। 26 से 28 सितंबर तक जिला स्तरीय अधिकारी डिजिटल हस्ताक्षर से डाटा लाक करेंगे। अंतिम चरण में 29 सितंबर से दो अक्टूबर तक पीएफएमएस प्रणाली के माध्यम से पात्र छात्र-छात्राओं के आधार से जुड़े बैंक खातों में धनराशि हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने महाविद्यालयों से कहा है कि वे पात्र छात्रों को इस अवसर की जानकारी दें और निर्धारित समय में उनके आवेदन व डाटा की त्रुटियां दूर कराएं, ताकि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

कैरी ओवर छात्रों का परिणाम भी होगा अपडेट

कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को ऐसे छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम तत्काल जांचने के निर्देश दिए हैं, जिनका पिछले शैक्षिक वर्ष 2024-25 का परिणाम अभी भी कैरी ओवर प्रदर्शित हो रहा है। इन छात्रों का परीक्षा परिणाम तीन कार्यदिवस के भीतर छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपडेट करना होगा, ताकि पात्र छात्र योजना के लाभ से वंचित न रहें।